बड़वानी, 13 फरवरी 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)
बड़वानी पुलिस ने अवैध जुआ और सट्टा माफियाओं के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर के निर्देशन और एसडीओपी श्री दिनेश सिंह चौहान के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने ग्राम बिजासन के दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में घेराबंदी कर जुआरियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की है।
दुर्गम पहाड़ियों में पुलिस की घेराबंदी
थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन को सूचना मिली थी कि नलती रोड स्थित बिजासन माता मंदिर के पीछे ऊंची पहाड़ियों पर कुछ लोग हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। पुलिस टीम ने जब मौके पर दबिश दी, तो भौगोलिक स्थिति का लाभ उठाकर कई जुआरी झाड़ियों और गड्ढों के रास्ते भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और एक आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की, जबकि अन्य साथी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।
जब्त सामग्री और आरोपी
पुलिस ने मौके से वाल सिंह पिता जगदीश सोलंकी (निवासी: ग्राम नलती, पाटी) को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने निम्नलिखित सामग्री बरामद की:
- नकदी: फड़ से 4000/- रुपये और आरोपी के पास से 1200/- रुपये (कुल 5200/- रुपये)।
- वाहन: जुआरियों द्वारा मौके पर छोड़ी गई 04 मोटरसाइकिलें।
- अन्य: ताश के 52 पत्ते और फड़ पर बिछी त्रिपाल।
कड़ी धाराओं में मामला दर्ज
पकड़े गए आरोपी और फरार साथियों के विरुद्ध थाना बड़वानी में धारा 13 जुआ एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर चलता रहेगा।
टीम की सराहना
इस चुनौतीपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक बलजीत सिंह बिसेन, उनि राजीव सिंह औसाल, सउनि दीपक ठाकुर और प्रधान आरक्षक जगजोध सिंह चौहान सहित पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही।




