​बड़वानी जिले में हाई स्कूल परीक्षा का प्रथम दिवस शांतिपूर्ण संपन्न अंग्रेजी के पेपर में 10 हजार 811 विद्यार्थी हुए शामिल

शेयर करे

बड़वानी, 17 फरवरी 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)

​बड़वानी जिले के सभी 57 परीक्षा केंद्रों पर मंगलवार से हाई स्कूल (कक्षा 10वीं) की बोर्ड परीक्षाएं विधिवत प्रारंभ हो गईं। परीक्षा के पहले दिन अंग्रेजी भाषा का प्रश्नपत्र आयोजित किया गया, जो जिलेभर में शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।

परीक्षा का विवरण और उपस्थिति

​शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंग्रेजी विषय की परीक्षा के लिए जिले में कुल 11,154 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। इनमें से 10,811 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 343 छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहे। सभी केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों का उत्साह देखने को मिला।

कड़े सुरक्षा इंतजाम और निगरानी

​परीक्षा को निष्पक्ष और नकल विहीन बनाने के लिए जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सभी 57 केंद्रों पर सुरक्षा के समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए गए और उड़नदस्तों (फ्लाईंग स्क्वॉड) द्वारा सतत निगरानी रखी गई। परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र से किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या नकल का प्रकरण सामने नहीं आया है।

​प्रशासन द्वारा आगामी प्रश्नपत्रों के लिए भी इसी प्रकार की सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।