बड़वानी, 20 फरवरी 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)
भारत सरकार की संयुक्त सचिव (DPIIT) एवं पीएम श्री योजना की केंद्रीय नोडल अधिकारी श्रीमती निधि केसरवानी ने शुक्रवार को पीएम श्री स्कूल अंजड़ का विस्तृत निरीक्षण किया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य योजना के अंतर्गत विद्यालय में किए जा रहे नवाचारों, आधुनिक शिक्षण सुविधाओं और शैक्षणिक गुणवत्ता की जमीनी हकीकत जानना था।
स्मार्ट क्लास और कंप्यूटर लैब का सूक्ष्म अवलोकन
निरीक्षण के दौरान श्रीमती केसरवानी ने विद्यालय की स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब और लाइब्रेरी का अवलोकन किया। उन्होंने आधुनिक शिक्षण उपकरणों के प्रभावी उपयोग को सराहा और कहा कि तकनीक के माध्यम से शिक्षा को और अधिक रोचक बनाया जा सकता है। उन्होंने कक्षाओं में जाकर शिक्षकों की शिक्षण पद्धति को भी देखा और शैक्षणिक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद
संयुक्त सचिव ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनके भविष्य के लक्ष्यों और करियर की योजनाओं के बारे में चर्चा की। उन्होंने बच्चों से विद्यालय में मिल रही सुविधाओं जैसे लाइब्रेरी और कंप्यूटर लैब के लाभ के बारे में भी पूछा। विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और उनके उत्तरों से श्रीमती केसरवानी काफी प्रभावित नजर आईं।
स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं के निर्देश
श्रीमती केसरवानी ने विद्यालय परिसर में स्वच्छता, शुद्ध पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए कि इन सुविधाओं को हमेशा उच्च स्तरीय बनाए रखें ताकि बच्चों को बेहतर वातावरण मिल सके। इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षा विभाग के आला अधिकारी और विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।









