आलीराजपुर, 28 मार्च 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट – रफीक कुरैशी) ✍️
आलीराजपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसपी रघुवंश सिंह के निर्देशन और थाना प्रभारी उदयगढ़ निरीक्षक बृजभूषण हीरवे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम टेरका फाटक के पास हुई डकैती की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में 3 बालिग और 4 नाबालिगों सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
टेरका फाटक के पास हुई थी लूट
घटना 25 मार्च की रात करीब 11:20 बजे की है। फरियादी मुकेश अजनार और उसका दोस्त जितेंद्र चौहान डम्पर खड़ा कर खाना खाने जा रहे थे। तभी जोबट-राणापुर रोड पर दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए 7 लड़कों ने उन्हें रोका, मारपीट की और डरा-धमकाकर दो मोबाइल व 5000 रुपये नगद लूटकर फरार हो गए।
घेराबंदी कर जामली रोड से दबोचे गए आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल नाकेबंदी की। साइबर सेल और मुखबिर की मदद से संदिग्धों की लोकेशन ट्रैक की गई। 27 मार्च को जामली केदारनाथ मंदिर रोड पर घेराबंदी कर जितेंद्र भूरिया, अनिल मेहडा, प्रकाश अजनार और 4 अन्य नाबालिगों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
1.17 लाख का मशरुका बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 2 एंड्रॉइड मोबाइल, 3500 रुपये नगद और वारदात में इस्तेमाल की गई 2 मोटरसाइकिलें (नंबर MP69ZD3356 व MP69MD8412) जब्त की हैं। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 17 हजार रुपये बताई जा रही है।
इन अधिकारियों की रही मुख्य भूमिका
इस सफल खुलासे में थाना प्रभारी बृजभूषण हीरवे, चौकी प्रभारी पवन वास्केल, सउनी अजय भिड़े, साइबर सेल के आरक्षक प्रमोद और थाना उदयगढ़ व जोबट की टीम का विशेष योगदान रहा।




