​बड़वानी में धूमधाम से मनाया गया भगवान महावीर का जन्म कल्याणक महोत्सव, भव्य शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

शेयर करे

बड़वानी, 30 मार्च 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

​जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर और वर्तमान शासन नायक भगवान महावीर स्वामी का जन्म कल्याणक महोत्सव आज चैत्र शुक्ल त्रयोदशी को बड़वानी नगर में जैन समाज द्वारा अत्यंत भक्ति भाव और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रातः काल से ही मंदिरों में अभिषेक, शांतिधारा और विशेष पूजन-अर्चन का दौर शुरू हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।

नगर के प्रमुख मार्गों से निकली भव्य शोभायात्रा

​भगवान महावीर को रथ और पालकी में विराजित कर बैंड-बाजे और धार्मिक भजनों की धुन पर नगर में विशाल शोभायात्रा निकाली गई। यह यात्रा जैन मंदिर चौराहा, झंडा चौक, रंजीत चौक, महात्मा गांधी मार्ग, मोटी माता चौक, रोटरी स्कूल, देवीसिंह मार्ग, कालका माता मंदिर, भेलसिया मोहल्ला, चंचल चौराहा, देवीसिंह गार्डन, गायत्री मंदिर, बावनगजा नाका, रानीपुरा और फिट वेल चौराहा होते हुए पुनः जैन मंदिर पर संपन्न हुई।

घर-घर हुई आरती और पुष्प वर्षा

​शोभायात्रा के दौरान समाज के छोटे बच्चे धर्म ध्वजा लहराते हुए चल रहे थे, वहीं महिलाएं मंगल कलश लेकर भक्तिमय नृत्य कर रही थीं। युवा वर्ग पारंपरिक धोती-दुपट्टे में भगवान की पालकी उठाए ‘महावीर भगवान की जय’ के नारे लगा रहे थे। मार्ग में श्रद्धालुओं ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों के सामने भगवान की आरती उतारकर श्रीफल समर्पित किए।

धार्मिक अनुष्ठान और पालना उत्सव

​मंदिर पहुंचने के पश्चात भगवान का अभिषेक, शांतिधारा और महाआरती संपन्न हुई। दोपहर में समाजजनों द्वारा प्रसादी का वितरण किया गया। शाम को माता त्रिशला और राजा सिद्धार्थ बनकर भगवान को पालना झुलाने का मनमोहक कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर समाज के युवाओं, महिलाओं और बच्चों में भारी उत्साह देखा गया। उल्लेखनीय है कि भगवान महावीर का जन्म बिहार के वैशाली में राजा सिद्धार्थ और माता त्रिशला के यहाँ हुआ था, जिनका सत्य और अहिंसा का संदेश आज भी प्रासंगिक है।