सेंधवा में संपन्न हुआ हज ओरिएंटेशन ट्रेनिंग प्रोग्राम, 200 आजमीने हज को दी गई सफर की महत्वपूर्ण जानकारी

शेयर करे

बड़वानी, 04 अप्रैल 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

​बड़वानी जिले के हज यात्रियों के लिए शनिवार को सेंधवा के मेकेनिक नगर स्थित गौसिया मस्जिद में ‘हज ओरिएंटेशन ट्रेनिंग प्रोग्राम’ का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में जिले भर से आए हज यात्रियों को मुकद्दस सफर की बारीकियों और नियमों से अवगत कराया गया।

अहकामात और खिदमत की दी गई विस्तृत जानकारी

​जिला हज कमेटी के अध्यक्ष जनाब आदिल तिगाले ने बताया कि इस वर्ष हज कमेटी और प्राइवेट टूर ऑपरेटर के माध्यम से जाने वाले सभी हाजियों के लिए यह सत्र आयोजित किया गया था। कमेटी द्वारा नियुक्त ट्रेनर हाजी जाबिर खान एवं डॉक्टर हाजी फारुख खान ने हज, उमराह, मदीना मुस्तफ़ा ﷺ की जियारत, हज हाउस और एयरपोर्ट से संबंधित सभी जरूरी प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में बताया गया कि बड़वानी जिले से लगभग 200 आजमीने हज आगामी 26 मई को अराफात के मैदान में अपना हज मुकम्मल करेंगे।

वैक्सीनेशन और मेडिकल किट का वितरण

​हाजियों की सेहत और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कुरैशी अल मदद कमेटी द्वारा मेडिकल किट (दवाइयाँ) भेंट की गई, वहीं हाजी फजलुरहमान शेख ने मेडिकल डायरी का वितरण किया। गौरतलब है कि कार्यक्रम से एक दिन पूर्व गवर्नमेंट हॉस्पिटल बड़वानी में सादिक चंदेरी और आरिफ शेख की उपस्थिति में बोहरा समाज के हुज्जाजे इकराम को भी वैक्सीनेशन, टीके और पोलियो की दवा पिलाई गई।

खिदमतगारों ने संभाली व्यवस्था

​शिविर में शामिल हुए सभी हुज्जाजे इकराम के लिए स्थानीय जिम्मेदारों द्वारा नाश्ते और भोजन की समुचित व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के दौरान हाजी सईद भुट्टो, हाजी अब्दुल रहीम तिगाले, हाजी गफ्फार खत्री और सलीम शेख सहित कमेटी के अन्य सदस्यों ने खिदमतगार के रूप में अपनी सेवाएं दीं। अंत में सभी हाजियों के लिए विशेष नेक दुआएं की गईं।

गरिमामयी उपस्थिति और आभार

​कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला हज कमेटी अध्यक्ष आदिल तिगाले ने की। मुख्य अतिथि के रूप में जिला मुस्लिम कमेटी के सदर जनाब इदरीस खान उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में हाजी असलम शेख, समाजसेवी अब्दुल सादिक चंदेरी, आरिफ अहमद शेख इकरा और डॉ. हाजी सफी शामिल रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन आरिफ शेख इकरा ने किया। पूर्व जिला हज कमेटी अध्यक्ष हाजी असलम शेख ने कार्यक्रम की कवरेज के लिए सभी मीडिया साथियों का आभार व्यक्त किया।