बड़वानी पुलिस का ‘जनसंवाद’ कार्यक्रम अब गुजरात-महाराष्ट्र सीमा के अंतिम छोर सागबारा तक पहुंचा, एसपी ने बच्चों को दिलाई शिक्षा और नशामुक्ति की शपथ

शेयर करे

बड़वानी (पाटी), 05 अप्रैल 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

​प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में बड़वानी पुलिस द्वारा ‘जनसंवादः आपकी बात-पुलिस के साथ’ अभियान के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक श्री पद्म विलोचन शुक्ल के नेतृत्व में पुलिस टीम पाटी थाना क्षेत्र के अत्यंत दूरस्थ ग्राम सागबारा पहुंची, जो महाराष्ट्र और गुजरात की सीमा पर झरकल नदी के किनारे स्थित है।

कुरीतियों के खिलाफ सामूहिक जिम्मेदारी का आह्वान

​ग्रामीणों को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री शुक्ल ने कहा कि “नशा, दहेज और डीजे जैसी कुरीतियां समाज के विकास में सबसे बड़ी बाधा हैं।” उन्होंने जनजातीय समाज में व्याप्त इन बुराइयों को समाप्त करने पर जोर देते हुए बताया कि इनके कारण परिवार आर्थिक रूप से कमजोर होते हैं और बच्चों की शिक्षा प्रभावित होती है। एसपी ने विशेष रूप से युवाओं और बच्चों को कम से कम 12वीं तक अनिवार्य शिक्षा ग्रहण करने और व्यसनों से दूर रहने की शपथ दिलाई।

स्कूल की छत के लिए पुलिस ने बढ़ाया मदद का हाथ

​जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने विद्यालय की छत नहीं होने की समस्या एसपी के समक्ष रखी। इस पर संवेदनशीलता दिखाते हुए थाना प्रभारी और पुलिस टीम ने स्थानीय स्तर पर सहयोग कर विद्यालय की छत निर्माण में यथासंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। साथ ही, शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही शिक्षिका श्रीमती रजनी बारेला को एसपी द्वारा शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।

अंतरराष्ट्रीय शिक्षाविद् ने दिया मार्गदर्शन

​कार्यक्रम में इंदौर से पधारे अंतरराष्ट्रीय शिक्षाविद् और मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. प्रभु नारायण मिश्रा ने ग्रामीणों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एक सुरक्षित और सुखद समाज के लिए शिक्षा अनिवार्य है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को उच्च पदों पर देखने का सपना पालें और उन्हें बेहतर परिवेश प्रदान करें। कार्यक्रम के अंत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर ने सभी उपस्थित पंच-सरपंचों, ग्राम पटेलों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

​इस अवसर पर एसडीओपी श्री महेश सुनैया, डीएसपी अजाक श्रीमती नीलेश्वरी डावर, यातायात प्रभारी श्री विनोद बघेल, पाटी थाना प्रभारी श्री रामदास यादव, सिलावद थाना प्रभारी श्री वीर बहादुर सिंह चौहान, चौकी प्रभारी बोकराटा श्री आशीष शर्मा सहित ग्राम चेरवी के सरपंच मुन्ना सोलंकी और सागबारा पटेल श्री जिनकिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।