आलीराजपुर, 09 अप्रैल 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
जोबट विधानसभा क्षेत्र में महिला एवं बाल विकास को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। विधायक सेना महेश पटेल के विशेष प्रयासों से क्षेत्र में 39 नए आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। इन भवनों का निर्माण कुल 4 करोड़ 37 लाख 58 हजार रुपये की लागत से किया जाएगा।
अब असुविधाजनक परिस्थितियों से मिलेगी मुक्ति
विधायक सेना पटेल ने बताया कि क्षेत्र के कई ग्रामों और फलियों में लंबे समय से स्वयं के भवन न होने के कारण आंगनवाड़ी केंद्र किराए के मकानों या असुविधाजनक स्थानों पर संचालित हो रहे थे। अब नवीन भवनों के निर्माण से बच्चों को सुरक्षित और सुखद वातावरण में पोषण आहार, प्रारंभिक शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त होंगी। साथ ही, इससे गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को भी शासन की योजनाओं का लाभ सुगमता से मिल सकेगा।
महिला एवं बाल विकास मंत्री का जताया आभार
जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती निर्मला भूरिया का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की बुनियादी जरूरतों को देखते हुए निरंतर प्रस्ताव भेजे जा रहे थे, जिसके परिणामस्वरूप यह बड़ी सौगात क्षेत्र को मिली है।
समग्र विकास और मातृ-शिशु स्वास्थ्य हमारी प्राथमिकता
विधायक सेना पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण से न केवल बच्चों के भविष्य की नींव मजबूत होगी, बल्कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सूचकांक में भी सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि उनका ध्येय अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक शासन की हर योजना का प्रभावी लाभ पहुँचाना है।




