बड़वानी: प्रभारी मंत्री डॉ. टेटवाल की अनूठी पहल, काफिला छोड़ बस में सवार होकर पहुंचे कलेक्ट्रेट

शेयर करे

बड़वानी 15 मई, 2026 |

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

​बड़वानी जिले के प्रवास पर आए मध्य प्रदेश के कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री तथा जिला प्रभारी मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल ने सादगी और पर्यावरण संरक्षण का एक बड़ा संदेश दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अपील पर अमल करते हुए, प्रभारी मंत्री ने अपने लग्जरी कारकेड (काफिले) के बजाय सामूहिक परिवहन को प्राथमिकता दी।

ऊर्जा संरक्षण के लिए कम की वाहनों की संख्या

​वर्तमान वैश्विक ऊर्जा संकट और ईंधन की लगातार बढ़ती खपत को कम करने के उद्देश्य से मंत्री डॉ. टेटवाल ने अपने प्रोटोकॉल के तहत चलने वाले वाहनों की संख्या को सीमित करने का निर्णय लिया है। इस पहल का उद्देश्य जनता के बीच ईंधन बचाने और सामूहिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देना है।

एक ही बस में सवार हुए मंत्री, सांसद और अधिकारी

​शुक्रवार को इस विशेष पहल के तहत एक रोचक दृश्य देखने को मिला। प्रभारी मंत्री डॉ. टेटवाल, लोकसभा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल, पानसेमल विधायक श्याम बरड़े, कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह और एसडीएम भूपेंद्र सिंह रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने अलग-अलग सरकारी वाहनों का उपयोग नहीं किया। ये सभी वरिष्ठ नेता और प्रशासनिक अधिकारी एक ही बड़ी बस में सवार होकर कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे।

​मंत्री की इस पहल की क्षेत्र में काफी चर्चा हो रही है। लोगों का मानना है कि इस तरह के कदमों से न केवल सरकारी संसाधनों की बचत होती है, बल्कि आम जनता के बीच भी पर्यावरण और ऊर्जा संरक्षण को लेकर सकारात्मक संदेश जाता है।