कसरावद: 51 कलशों के साथ निकली भव्य गंगा कलश यात्रा; “जल संवर्धन आज की महती आवश्यकता”— जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि महेंद्र सिंह तंवर

शेयर करे

कसरावद 27 मई, 2026 |

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (अनीस खान – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

​जल संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के तहत गंगा दशमी के पावन अवसर पर म.प्र. जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्था जन समृद्धि फाउंडेशन एवं जनपद पंचायत कसरावद के संयुक्त तत्वावधान में भव्य कलश यात्रा और जल संगोष्ठी का आयोजन किया गया। नर्मदा तट नावड़ाटोडी में आयोजित इस धार्मिक व जन-जागरूकता कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण जन शामिल हुए।

नर्मदा तट पूजन से हुई कलश यात्रा की शुरुआत

​कार्यक्रम का विधि-विधान से शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष अनुबाई तंवर द्वारा मां नर्मदा जी का विधिपूर्वक पूजन और 51 कलशों की अर्चना कर किया गया। इसके पश्चात मां नर्मदा के पावन तट से भव्य कलश यात्रा की शुरुआत हुई। ढोल-ताशों की थाप और मां नर्मदा के गगनभेदी जयकारों के साथ पीतांबर धारी महिलाएं सिर पर कलश धारण कर आगे बढ़ रही थीं। यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्ग से होती हुई श्रीराम मंदिर परिसर पहुंची।

जल संरक्षण के लिए सामूहिक जन-सहभागिता जरूरी: महेंद्र सिंह तंवर

​कलश यात्रा के समापन पर श्रीराम मंदिर परिसर में एक महत्वपूर्ण ‘जल संगोष्ठी’ आयोजित की गई। संगोष्ठी को मुख्य रूप से संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि जल संवर्धन एवं संरक्षण आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार मां नर्मदा के संरक्षण, संवर्धन और शुद्धिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है, लेकिन इस पुनीत कार्य में जब तक आम जनता की सहभागिता नहीं होगी, तब तक पूर्ण सफलता संभव नहीं है। इसलिए हम सभी को जल संरक्षण के लिए सामूहिक रूप से आगे आना होगा।

व्यर्थ बहते पानी को रोकना हर नागरिक का कर्तव्य

​संगोष्ठी में विशिष्ट अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष मांगीलाल गाडगे ने अपने विचार रखते हुए कहा कि हम अक्सर अपने दैनिक जीवन और रोजमर्रा के कार्यों में काफी पानी व्यर्थ बहा देते हैं। हमें अपनी इन छोटी-छोटी आदतों पर ध्यान देकर जल का संचय करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अनुबाई तंवर, महेंद्र सिंह यादव और शक्ति सिंह मंडलोई ने भी जल संकट और पर्यावरण संतुलन को लेकर अपने उपयोगी विचार साझा किए। इस अवसर पर समाजसेवी हेमंत सोनी और भाजपा मंडल अध्यक्ष पवन राठौड़ भी बतौर अतिथि मंच पर उपस्थित रहे।

इन्होंने संभाला मोर्चा, जनपद सीईओ ने माना आभार

​इस सफल और प्रेरक कार्यक्रम का कुशल संचालन जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्था जन समृद्धि फाउंडेशन के सचिव सुधीर सराफ ने किया, जबकि अंत में आभार जनपद पंचायत की सीईओ रीना किराड़ ने व्यक्त किया।

​इस अवसर पर एई रेवाल सिंह चौहान, नितिन डोंगरे, नारायण तंवर, लखन चौहान, मेंटर शीतल रावल सहित प्रस्फुटन समिति के विजय केवट, बलराम केवट, मिथुन राठौड़, अनिल केवट, कैलाश केवट, पर्वत सिंह सहित क्षेत्र के बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।