आलीराजपुर: ईद-उल-अजहा पर प्रभारी शहर काजी का संदेश— केंद्र सरकार से की गाय को ‘राष्ट्रीय पशु’ घोषित करने की मांग

शेयर करे

आलीराजपुर 28 मई, 2026 |

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

​ईद-उल-अजहा (बकरीद) के पावन अवसर पर आलीराजपुर मुस्लिम समाज के प्रभारी शहर काजी हाजी सेय्यद हनीफ मियाँ ने समस्त देशवासियों एवं मुस्लिम समाज को ईद की दिली मुबारकबाद पेश की है। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि ईद-उल-अजहा त्याग, बलिदान, आपसी भाईचारे और इंसानियत का पर्व है, जो हमें समाज में प्रेम और सौहार्द के साथ जीने का संदेश देता है।

हिंदू समाज की आस्था का हो सम्मान, गाय बने राष्ट्रीय पशु

​प्रभारी शहर काजी हाजी सेय्यद हनीफ मियाँ ने अपने संदेश के दौरान केंद्र सरकार से एक बेहद महत्वपूर्ण मांग की। उन्होंने सरकार से अपील करते हुए कहा कि गाय को अविलंब ‘राष्ट्रीय पशु’ घोषित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति और गौरवशाली परंपरा में गाय को ‘गौमाता’ का परम पूजनीय दर्जा प्राप्त है। हिंदू समाज की इस गहरी और अटूट आस्था का सम्मान करते हुए सरकार को यह कदम उठाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सभी समुदायों को मिलकर देश की इस सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सौहार्द को और मजबूत करने का कार्य करना चाहिए।

स्वच्छता और प्रशासन की गाइडलाइन का करें पालन

​शहर काजी ने मुस्लिम समाज के सभी बंदों से अपील की है कि वे शासन और प्रशासन द्वारा जारी की गई गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन करें। त्योहार के दौरान कहीं भी सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएं, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और पूरे अनुशासन के साथ ईद-उल-अजहा का पर्व मनाएं।

भाईचारे के साथ मनाएं त्योहार, जरूरतमंदों की करें मदद

​उन्होंने आगे कहा कि इस मुकद्दस मौके पर हमें आपसी गिले-शिकवे भुलाकर शांति, सद्भाव एवं भाईचारे के साथ त्योहार की खुशियां बांटनी चाहिए। ईद के इस अवसर पर समाज के गरीब और जरूरतमंदों की बढ़-चढ़कर मदद करनी चाहिए, ताकि वे भी त्योहार की खुशियों में शामिल हो सकें। यही मानवता की सच्ची सेवा है।