बड़वानी 13 अगस्त, 2026 |
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
मध्यप्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 14 अगस्त को बड़वानी जिले के ग्राम तलुन, बोरलाय एवं बड़वानी में प्रस्तावित आगमन को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर सुरक्षा रिहर्सल और कारकेड मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
हेलिपैड से कार्यक्रम स्थल तक निकली कारकेड रिहर्सल
पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के प्रत्यक्ष निर्देशन में हेलिपैड से लेकर मुख्य कार्यक्रम स्थल, मंच, वीआईपी रूट व कलेक्ट्रेट तक मुख्यमंत्री के काफिले की मूवमेंट का सजीव अनुकरण किया गया। इस दौरान क्विक रिस्पांस टीम (QRT), फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीम की तत्परता भी परखी गई।
सुरक्षा में चूक होगी अक्षम्य: एसपी
रैली व निरीक्षण के उपरांत एसपी श्री शुक्ल ने वरिष्ठ अधिकारियों व पुलिस बल की बैठक लेकर कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि— “सुरक्षा, शालीनता और समयबद्धता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक अक्षम्य होगी।”
तमाम वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रहे मुस्तैद
आयोजन के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर, एसडीओपी श्री महेश सुनैया, एसडीओपी राजपुर श्री बी.एल. आटोदे, एसडीओपी सेंधवा श्री अजय वाघमारे, डीएसपी/रक्षित निरीक्षक श्री चेतन बघेल, रक्षित निरीक्षक श्रीमती उषा सिसोदिया, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक बलजीत सिंह बिसेन एवं यातायात थाना प्रभारी श्रीमती रजनी भार्गव सहित पुलिस अधिकारी व जवान तैनात रहे।






