आलीराजपुर में राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौड़ जयंती पर गूंजा जयघोष: विधायक सेना पटेल की बड़ी घोषणा, अगले साल लगेगी भव्य प्रतिमा; नीट में 2999वीं रैंक लाने वाले राम राठौड़ का हुआ सम्मान!

शेयर करे

आलीराजपुर 14 अगस्त, 2026 |

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी) ✍️

स्वाभिमान, वीरता और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौड़ की 388वीं जयंती पर गुरुवार को आलीराजपुर नगर में गौरव का अद्भुत संगम देखने को मिला। क्षत्रिय राठौड़ समाज के नेतृत्व में शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जिसके बाद श्रीनाथ मैरिज गार्डन में गरिमामय सम्मान समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि आलीराजपुर नगर पालिका अध्यक्ष एवं जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने मंच से बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अगले साल 13 अगस्त को आलीराजपुर नगर में राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौड़ की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा।

​शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब, जयघोष से गूंजा शहर

​भव्य शोभायात्रा रणछोड़ राय मंदिर से प्रारंभ होकर बस स्टैंड, एमजी रोड, झंडा चौक, रामदेव मंदिर चौराहा और दाहोद नाका होते हुए कार्यक्रम स्थल पहुँची। पूरे मार्ग पर समाजजन हाथ में तिरंगा व केसरिया ध्वज थामे जयघोष लगाते नजर आए। श्रीनाथ मैरिज गार्डन में मप्र आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल ने प्रतिमा स्थापना के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की तथा प्रतिमा को शहर के प्रमुख पोस्ट ऑफिस चौराहे पर लगाने का सुझाव दिया। साथ ही बस स्टैंड का नाम स्वतंत्रता सेनानी बाबूलाल टवली के नाम पर रखने का प्रस्ताव शासन को भेजने की बात कही।

​NEET में 2999वीं रैंक लाने वाले राम राठौड़ का सम्मान, पूरे साल की फीस माफ

​कार्यक्रम में राठौड़ समाज के होनहार छात्र राम राठौड़ (पिता संजय राठौड़) को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। राम ने सीबीएसई में उत्कृष्ट अंक लाने के साथ ही नीट (NEET) परीक्षा में देशभर में 2999वीं ऑल इंडिया रैंक हासिल कर नगर का नाम रोशन किया है। महेश पटेल ने छात्र की इस उपलिब्धि पर उसकी पूरे वर्ष की स्कूल फीस माफ करने की घोषणा की, जिसका समाजजनों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।

​कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष मकु परवाल, भाजपा नेता किशोर शाह, पूर्व विधायक मुकेश पटेल, समाज अध्यक्ष महेंद्र टवली, महिला मंडल अध्यक्ष कीर्ति राठौर और युवा मंच अध्यक्ष कृष्णकांत चौधरी सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।