आलीराजपुर / खंडवा 14 अगस्त, 2026 |
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी) ✍️
देशभर में चलाए जा रहे “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से खंडवा पुलिस प्रशासन द्वारा नगर में एक भव्य वाहन रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक अगम जैन द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। रैली में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर अत्यंत उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी रैली, दिया देशभक्ति का संदेश
यह तिरंगा वाहन रैली खंडवा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। रैली के दौरान पुलिस जवानों ने आम नागरिकों को राष्ट्रध्वज के सम्मान, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए हर घर में तिरंगा लहराने का आह्वान किया। पूरे मार्ग पर भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के माहौल से नगर गुंजायमान हो उठा।
भगतसिंह चौक पर पार्षद इकबाल कुरैशी ने किया अभिनंदन
रहली के भ्रमण के दौरान खंडवा नगर निगम के पार्षद एवं समाजसेवी इकबाल कुरैशी (पहलवान) ने अपने साथियों के साथ भगतसिंह चौक पर पुलिस की तिरंगा वाहन रैली का पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया। पार्षद कुरैशी ने पुलिस अधीक्षक अगम जैन, एएसपी, अपर कलेक्टर और थाना प्रभारियों (टीआई) सहित रैली में शामिल सभी पुलिसकर्मियों को फूल-मालाएं पहनाकर और पुष्पवर्षा कर उनका आत्मीय अभिनंदन किया।
“तिरंगे की आन-बान-शान बनाए रखें”: पार्षद इकबाल कुरैशी
स्वागत के अवसर पर पार्षद इकबाल कुरैशी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि “हर घर तिरंगा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव व्यक्त करने का एक महान अवसर है। प्रत्येक नागरिक को पूरे सम्मान के साथ इस अभियान से जुड़कर तिरंगे की आन-बान-शान को बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।”





