बड़वानी, 11 फरवरी 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के निर्देशानुसार देशभर में 9 फरवरी से 13 फरवरी तक ‘वित्तीय साक्षरता सप्ताह’ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में बड़वानी जिले के नागरिकों को बैंकिंग सुरक्षा और डिजिटल लेन-देन के प्रति जागरूक करने के लिए एक विशेष “वित्तीय साक्षरता रथ” को रवाना किया गया।
श्वेत पताका दिखाकर किया शुभारंभ
जिले के अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM) श्री संदीप अग्रवाल ने बड़वानी एलडीएम ऑफिस से श्वेत पताका फहराकर इस डिजिटल मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर श्री अग्रवाल ने विश्वास जताया कि जन-जागरण की दिशा में यह वैन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि रिजर्व बैंक की इस पहल से आम जनता को केवाईसी (KYC) और सुरक्षित बैंकिंग के विषय में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त होगी।
थीम: ‘केवायसी सुरक्षित बैंकिंग की ओर पहला कदम’
इस वर्ष वित्तीय साक्षरता सप्ताह की मुख्य थीम “केवायसी: सुरक्षित बैंकिंग की ओर पहला कदम” रखी गई है। इस रथ में लगी आधुनिक LED स्क्रीन के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लघु फिल्में दिखाकर लोगों को वित्तीय धोखाधड़ी से बचने और बैंकिंग नियमों के पालन के बारे में शिक्षित किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रदेश के सभी ‘मनी वॉइस CFL सेंटर’ द्वारा संचालित किया जा रहा है।
वरिष्ठ बैंक अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक प्रबंधक श्री सोलंकी, बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंधक, आर-सेटी (R-SETI) संचालक और उज्जीवन बैंक के प्रबंधक सहित कई बैंकिंग अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन सीएफएल (CFL) सेंटर संचालक एनजीओ ‘प्रिय सखी महिला संघ’ के श्री दीपक जैन द्वारा किया गया।
यह रथ जिले के दूरदराज के इलाकों में जाकर ग्रामीणों को डिजिटल बैंकिंग और सुरक्षित लेन-देन के प्रति जागरूक करेगा।




