​बड़वानी जनसुनवाई में पहुँचे 65 आवेदक जिला पंचायत सीईओ और अपर कलेक्टर ने शिकायतों के निराकरण के दिए निर्देश

शेयर करे

बड़वानी, 17 फरवरी 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)

​बड़वानी कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिलेभर से 65 आवेदक अपनी समस्याओं के निराकरण की आस लेकर पहुँचे। इन शिकायतों की सुनवाई जिला पंचायत सीईओ सुश्री काजल जावला एवं अपर कलेक्टर श्री सोहन कनाश द्वारा की गई। अधिकारियों ने मौके पर ही कई आवेदनों का निराकरण किया, जबकि शेष प्रकरणों के लिए संबंधित विभाग प्रमुखों को समय-सीमा के भीतर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री सहायता कोष से होगा बीमार पुत्र का उपचार

​जनसुनवाई में अंजड़ निवासी उमाबाई ने भावुक होकर आवेदन दिया कि उनके पुत्र को हार्निया की बीमारी है। ऑपरेशन का खर्च लगभग 55 हजार रुपये बताया गया है, जो उनकी आर्थिक स्थिति से बाहर है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर कलेक्टर श्री सोहन कनाश ने तत्काल एसडीएम राजपुर को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से सहायता राशि का प्रकरण तैयार कर भेजने के निर्देश दिए, ताकि बच्चे का उपचार जल्द शुरू हो सके।

पीएम आवास की किश्त न मिलने पर सचिव की शिकायत

​ग्राम धमारिया के निवासी राकेश ने शिकायत दर्ज कराई कि पीएम आवास योजना की सूची में 9 माह पूर्व नाम आने और सभी दस्तावेज जमा करने के बावजूद उन्हें अब तक पहली किश्त नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि सचिव द्वारा इस मामले में आनाकानी की जा रही है। इस पर जिला पंचायत सीईओ सुश्री काजल जावला ने सीईओ जनपद पंचायत पाटी को मामले की जाँच कर राशि दिलवाने हेतु निर्देशित किया।

अधिकारियों की सख्त हिदायत

​जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा कि शासन की जनहितैषी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुँचाने में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर जल्द से जल्द रिपोर्ट पेश करने को कहा गया है।