बड़वानी, 29 अप्रेल 2026। निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
बड़वानी जिले में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन निरंतर सजग है। पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर के मार्गदर्शन में यातायात विभाग द्वारा सघन चेकिंग अभियान संचालित किया गया। इस दौरान जहाँ नियमों की अवहेलना करने वालों पर चालानी कार्यवाही की गई, वहीं दूसरी ओर मानवता की मिसाल पेश करने वाले नागरिक को शासन की ओर से पुरस्कृत किया गया।
यातायात नियमों के प्रति जागरूकता और वैधानिक कार्यवाही
अभियान के अंतर्गत हेलमेट की अनिवार्यता एवं मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 15 चालान बनाए गए, जिनसे 6,100 रुपये का शमन शुल्क प्राप्त किया गया। कार्यवाही के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए एक ओवरलोड पिकअप वाहन को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जिस पर माननीय न्यायालय द्वारा 10,000 रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया है।
राहवीर योजना: विकास पटेल को 25,000 रुपये की सम्मान राशि
मानवीय दृष्टिकोण और नागरिक कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए फत्यापुर निवासी श्री विकास पटेल ने सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुँचाकर उनकी प्राण रक्षा की। इस सराहनीय कार्य के लिए कलेक्टर बड़वानी श्रीमती जयती सिंह द्वारा उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं 25,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि से सम्मानित किया गया।
इनकी रही सक्रिय भूमिका: यातायात प्रभारी सूबेदार श्रीमती रजनी भार्गव के नेतृत्व में एएसआई सदाशिव कुमावत, प्रधान आरक्षक किरण, आरक्षक अर्जुन एवं राजवीर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




