बड़वानी, 21 फरवरी 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)
भारतीय जनता पार्टी कार्यालय बड़वानी पर शनिवार को जिला अध्यक्ष अजय यादव की अध्यक्षता में विशेष पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश भाजपा महामंत्री डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी ने मध्यप्रदेश के बजट 2026-27 को ऐतिहासिक बताते हुए इसे प्रदेश के सर्वांगीण विकास का रोडमैप करार दिया।
“GYAN-II” सिद्धांत पर आधारित है 4 लाख 38 करोड़ का बजट
सांसद डॉ. सोलंकी ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में वित्त मंत्री ने 4 लाख 38 हजार करोड़ का बजट पेश किया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 4 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा कि यह बजट “GYAN-II” (ज्ञानी) के सिद्धांत पर केंद्रित है, जिसमें G-गरीब कल्याण, Y-युवा शक्ति, A-अन्नदाता, N-नारी शक्ति, I-इंफ्रास्ट्रक्चर और I-इंडस्ट्री (उद्योग) को प्राथमिकता दी गई है।
बड़वानी जिले को मिली सड़कों की बड़ी सौगात
जिले को मिली उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए डॉ. सोलंकी ने कहा कि इस बजट में अकेले बड़वानी जिले के लिए 232 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों के निर्माण का प्रावधान किया गया है। उन्होंने दावा किया कि यदि अन्य योजनाओं को भी जोड़ लिया जाए, तो यह आंकड़ा 1000 करोड़ रुपये के पार पहुंच जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांतिकारी सुधार होगा।
कांग्रेस विधायकों को दी नसीहत: “बिना प्रयास श्रेय न लें”
सांसद सोलंकी ने जिले के तीनों कांग्रेस विधायकों को आड़े हाथों लेते हुए उन पर झूठ बोलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक भाजपा सरकार द्वारा स्वीकृत योजनाओं का झूठा श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं। डॉ. सोलंकी ने तंज कसते हुए कहा कि एक ओर कांग्रेस बजट को निराशाजनक बता रही है, तो दूसरी ओर उनके विधायक इन्हीं योजनाओं को अपनी उपलब्धि बता रहे हैं। उन्होंने सलाह दी कि जनता सब समझती है, इसलिए बिना प्रयास के श्रेय लेने की राजनीति बंद करें।
भाजपा नेतृत्व का माना आभार
जिला अध्यक्ष अजय यादव ने इस बजट को ‘सर्वस्पर्शी’ बताया और जिले को मिली करोड़ों की सौगातों के लिए मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री और प्रदेश अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया। इस दौरान जिला महामंत्री भागीरथ कुशवाह, वरिष्ठ नेता सुखदेव यादव, निक्कू चौहान, सुमित जायसवाल और जिला मीडिया प्रभारी सुनील भावसार सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।






