जनगणना 2027: बड़वानी जिले में मकान सूचीकरण की तैयारी पूर्ण, मोबाइल एप के जरिए डिजिटल तरीके से दर्ज होगा डेटा

शेयर करे

बड़वानी 03 मई, 2026 |

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

देश की आगामी जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण (House Listing) कार्य की तैयारियाँ जिले में समयबद्ध तरीके से पूर्ण कर ली गई हैं। जिला प्रशासन द्वारा सभी चार्जों में कार्यों की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप डेटा संकलन का कार्य त्रुटिहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।

एचएलओ मोबाइल एप से होगी मकानों की गणना

इस बार जनगणना कार्य में तकनीक का विशेष उपयोग किया जा रहा है। मकानों की गणना ‘एचएलओ मोबाइल एप’ के माध्यम से डिजिटल रूप में की जाएगी। जिला जनगणना अधिकारी के मार्गदर्शन में जिले के सभी तहसील एवं नगरीय चार्जों में मकान सूचीकरण ब्लॉकों (एचएलबी) का गठन और सीमांकन का कार्य पहले ही पूरा कर लिया गया है। पोर्टल पर किसी भी प्रकार की ओवरलैपिंग या डेटा छूटने की स्थिति न रहे, इसके लिए विशेष गुणवत्ता जांच (Quality Check) भी की गई है।

प्रगणकों ने शुरू किया लेआउट मैप तैयार करने का कार्य

क्षेत्रीय कार्य (Field Work) के तहत प्रगणकों और पर्यवेक्षकों ने अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में भवनों की पहचान शुरू कर दी है। 01 से 03 मई तक भवन क्रमांकन एवं लेआउट मैप तैयार करने का कार्य निर्धारित योजना के अनुसार संपन्न किया जा रहा है। सभी प्रगणकों को नियुक्ति पत्र, पहचान पत्र और आवश्यक किट वितरित की जा चुकी है। इसके साथ ही मोबाइल एप इंस्टॉल और लॉगिन की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की गई है।

कंट्रोल रूम से मिलेगी तकनीकी सहायता

जनगणना कार्य के दौरान आने वाली तकनीकी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए जिला एवं चार्ज स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा आमजन से भी अपील की जा रही है कि वे गणना कार्य के लिए आने वाले कर्मियों को सही जानकारी प्रदान कर सहयोग करें। इसके लिए जिले में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है।

निर्धारित समय पर शुरू हुआ फील्ड कार्य

जिला जनगणना अधिकारी श्री सोहन कनाश ने बताया कि जिले में जनगणना के प्रथम चरण हेतु सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी हैं। प्रगणकों द्वारा फील्ड में लेआउट मैप तैयार करने का कार्य प्रगति पर है और अब मकान सूचीकरण की आगे की कार्यवाही नियत समय-सीमा में पूरी की जाएगी।