अलीराजपुर, 31 मार्च 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
दाऊदी बोहरा समाज के धर्मगुरु सैयदना साहब के आगामी आगमन को लेकर आम्बुआ क्षेत्र में तैयारियां जोरों पर हैं। इस ऐतिहासिक अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से क्षेत्रीय विधायक सेना महेश पटेल ने मंगलवार को बोहरा समाज की मस्जिद में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में भाग लिया और व्यवस्थाओं का मौके पर जाकर जायजा लिया।
बिजली, पानी और स्वच्छता पर विशेष ध्यान
निरीक्षण के दौरान विधायक सेना महेश पटेल ने बिजली, पानी, साफ-सफाई और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान तीन दिनों तक क्षेत्र में कहीं भी बिजली कटौती न हो और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं, व्यवस्थाओं को प्राथमिकता
विधायक सेना पटेल ने प्रशासन को निर्देशित किया कि सैयदना साहब के आगमन पर क्षेत्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे, ऐसे में सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने और साफ-सफाई के साथ ही प्रकाश व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।
क्षेत्र में उत्साह का वातावरण
सैयदना साहब के आगमन की खबर से आम्बुआ सहित पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना हुआ है। विधायक द्वारा स्वयं तैयारियों की कमान संभालने से समाजजनों में भी प्रसन्नता है। प्रशासन अब इन निर्देशों के अनुरूप व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है ताकि आयोजन भव्य और सुव्यवस्थित रहे।




