आलीराजपुर: ढोल-धमाकों के साथ बिजली विभाग पहुँचे कांग्रेसी, अधिकारी को माला पहनाकर किया “अनोखा सम्मान”

शेयर करे

आलीराजपुर 12 मई, 2026 |

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍

​नगर सहित जिलेभर में जारी अघोषित बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन का एक अनोखा तरीका अपनाया। मप्र आदिवासी विकास परिषद के उपाध्यक्ष महेश पटेल के नेतृत्व में कार्यकर्ता ढोल-धमाकों के साथ बिजली विभाग कार्यालय पहुँचे और सहायक यंत्री दुर्गेश चौहान को फूल-माला पहनाकर उनका “सम्मान” करते हुए अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।

अघोषित कटौती से जनता बेहाल, रातभर जाग रहे लोग

​प्रदर्शन से पहले बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक सिनेमा चौराहे पर एकत्रित हुए, जहाँ से नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप में बिजली विभाग कार्यालय पहुँचे। आदिवासी विकास परिषद के उपाध्यक्ष महेश पटेल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के लोग बिजली कटौती से त्रस्त हैं। उन्होंने कहा कि रात-रात भर बिजली गुल रहने से लोगों को जागकर रात बितानी पड़ रही है और लो-वोल्टेज के कारण घरों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब हो रहे हैं।

सुधार नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी

​महेश पटेल ने विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि वर्तमान में “गांधीगिरी” के माध्यम से ज्ञापन देकर शांतिपूर्ण तरीके से समस्याओं के समाधान की मांग की गई है। यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो आगामी दिनों में हजारों नागरिकों के साथ नगर बंद, धरना-प्रदर्शन और बिजली विभाग का घेराव किया जाएगा।

वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

​इस विरोध प्रदर्शन के दौरान पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओमप्रकाश राठौर, राजेंद्र टवली, सुरेश सारडा, चितल पँवार, अजहर चंदेरी, भुवानसिंह बामनिया, मनीष चौहान, इरफान मंसूरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक उपस्थित थे।