आलीराजपुर, 21 मई 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
जिला पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंशसिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल एवं एसडीओपी जोबट रवींद्र राठी के पर्यवेक्षण में जोबट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने 17 मई की रात डेकाकुण्ड सेमल्दा फाटा के पास राहगीर पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाने वाले दो अज्ञात आरोपियों को धरदबोचा है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल हथियार और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
गाड़ी नहीं रोकने पर मार दी थी कमर में गोली
घटना 17 मई की रात करीब 10:15 बजे की है। कोल्याबयड़ा निवासी महेश उर्फ मोन्टु अपने साथी शेरसिंह के साथ मोटरसाइकिल से एक शादी समारोह में जा रहा था। जोबट-बोरी रोड पर ग्राम डेकाकुण्ड सेमल्दा फाटा के पास बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने अपनी गाड़ी खराब होने का बहाना बनाकर उन्हें रोकने का प्रयास किया। रात का समय होने के कारण जब महेश और शेरसिंह ने गाड़ी नहीं रोकी, तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। एक आरोपी ने लकड़ी से वार किया, जबकि दूसरे ने देसी बारह बोर कट्टे से फायर कर दिया। गोली बाइक पर पीछे बैठे महेश की कमर में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने उदयगढ़ के सोलिया ग्राम में दी दबिश
फरियादी शेरसिंह की सूचना पर जोबट थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। जोबट पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों को ट्रेस किया। पुलिस टीम ने 20 मई को उदयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सोलिया में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपी और बरामद मशरूका
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सोहबत पिता सवा अमलियार (25 वर्ष) एवं दीवान पिता पातलिया बघेल (19 वर्ष) निवासी ग्राम सोलिया के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त एक देसी बारह बोर कट्टा, एक जिंदा कारतूस और होंडा शाइन मोटरसाइकिल (क्र. MP 09 QY 2833) जब्त की है। इस सराहनीय कार्रवाई में जोबट थाना प्रभारी निरीक्षक विजय वास्कले, उदयगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक ब्रजभूषण हीरवे, उनि गोविंद कटारे एवं साइबर सेल की मुख्य भूमिका रही।




