चंद्रशेखर आजाद नगर में जानलेवा हमले के बाद युवक की मौत से मचा हड़कंप, हत्या की धारा में एक आरोपी गिरफ्तार व XUV गाड़ी जब्त

शेयर करे

आलीराजपुर 20 मई, 2026 |

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

​थाना चंद्रशेखर आजाद नगर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम छोटी पोल में 18 मई को हुए गंभीर और संवेदनशील प्राणघातक हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। इलाज के दौरान घायल युवक की मौत हो जाने के बाद प्रकरण में हत्या की धारा जोड़ी गई है। आजाद नगर पुलिस टीम ने मुख्य आरोपियों में से एक को गिरफ्तार करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त महिन्द्रा XUV गाड़ी भी जब्त कर ली है।

रास्ता रोकने के विवाद पर पिता-पुत्र पर किया था प्राणघातक हमला

​घटना 18 मई की शाम लगभग 07:00 बजे की है। ग्राम छोटी पोल निवासी कृषक व व्यवसायी शैतान (32 वर्ष) पिता रमेश बामनिया भील अपनी दुकान से बड़ी पोल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम छोटी पोल पांगला में बाबूजी की वाड़ी के सामने कट्ठीवाड़ा की तरफ से आ रहे एक ट्रक के आगे भाबरा की ओर से आई एक महिन्द्रा XUV गाड़ी (क्रमांक GJ 20 CB 5040) के चालक ने गाड़ी अड़ाकर रास्ता रोक दिया।

​जब शैतान ने गाड़ी किनारे से निकालने का आग्रह किया, तो XUV में सवार रठौड़ी निवासी माधु मावी, विक्रम, नकेश उर्फ नकेसिंह और उनके साथियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी धारदार फालिया और लाठियां लेकर जान से मारने की नीयत से दौड़े। बीच-बचाव करने आए शैतान के पिता रमेश (50 वर्ष) और स्वयं शैतान पर आरोपियों ने बेरहमी से हमला कर दिया, जिससे दोनों को सिर, पैर और पसलियों में गंभीर चोटें आईं। इसके बाद आरोपी शैतान को जबरन गाड़ी में डालकर रठौड़ी ले गए, जहां से वे जैसे-तैसे जान बचाकर भागे और अस्पताल पहुंचे।

इलाज के दौरान तोड़ा दम, केस में जुड़ी हत्या की धारा

​घटना की सूचना मिलते ही आजाद नगर पुलिस तत्काल अस्पताल पहुंची और घायलों की स्थिति को देखते हुए अपराध क्रमांक 207/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच में लिया था। गंभीर चोटों के कारण अस्पताल में उपचार के दौरान घायल शैतान बामनिया ने दम तोड़ दिया। युवक की मृत्यु हो जाने से पुलिस ने प्रकरण में अब हत्या की गंभीर धारा 103(1) बीएनएस (BNS) का समावेश किया है।

एक आरोपी गिरफ्तार, फरार साथियों की तलाश जारी

​मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल एक विशेष पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी गई। पुलिस टीम ने 20 मई को कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त मुख्य आरोपी विक्रम पिता केवन मावी (उम्र 35 वर्ष), निवासी ग्राम रठौड़ी को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई महिन्द्रा XUV गाड़ी को भी विधिवत जब्त कर लिया गया है।

​प्रकरण के अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा उनके संभावित ठिकानों पर लगातार सघन दबिश दी जा रही है।