“जब तक सूरज चांद रहेगा, राजीव तेरा नाम रहेगा” के नारों से गूंजा आलीराजपुर; कांग्रेस ने शहादत दिवस के रूप में मनाई पूर्व पीएम की पुण्यतिथि

शेयर करे

आलीराजपुर 21 मई, 2026 |

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

​आधुनिक भारत के निर्माता, दूरसंचार क्रांति के दूत और भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि गुरुवार को आलीराजपुर जिला कांग्रेस द्वारा ‘शहादत दिवस’ के रूप में मनाई गई। इस दौरान कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर देश के प्रति उनके त्याग और बलिदान को याद किया।

राजीव जी के सपनों को साकार करने का लिया संकल्प

​कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सुबह स्थानीय सिनेमा चौराहा स्थित स्वर्गीय राजीव गांधी की प्रतिमा स्मारक पर एकत्रित हुए। यहाँ नेताओं ने बारी-बारी से स्वर्गीय राजीव जी के चित्र और प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पूरा परिसर “जब तक सूरज चांद रहेगा, राजीव जी तेरा नाम रहेगा” और “राजीव गांधी अमर रहें” के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। इस मौके पर सभी ने स्वर्गीय राजीव जी के सपनों के भारत को साकार करने का सामूहिक संकल्प भी लिया।

सूचना क्रांति और पंचायती राज के जनक थे राजीव जी: कांग्रेसी वक्ता

​श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेसी वक्ताओं ने कहा कि राजीव जी के देशहित में दिए गए सर्वोच्च बलिदान को देशवासी कभी भुला नहीं सकते। उन्होंने देश में पंचायती राज की स्थापना कर ग्रामीण क्षेत्रों और त्रिस्तरीय व्यवस्था को मजबूत करने का ऐतिहासिक काम किया था। वक्ताओं ने कहा कि आज देश में जो सूचना और दूरसंचार क्रांति दिख रही है, उसका पूरा श्रेय राजीव जी को ही जाता है। उन्होंने देश को एकता, अखंडता और भाईचारे के सूत्र में बांधने का अनुकरणीय प्रयास किया। आज भारत जो विकसित स्वरूप में दिखाई दे रहा है, वह राजीव जी की ही दूरगामी सोच की देन है।

ये वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता रहे उपस्थित

​इस गरिमामय श्रद्धांजलि सभा में पूर्व विधायक मुकेश पटेल, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओमप्रकाश राठौर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश पचाया, राजेंद्र टवली, खुर्शीद अली दीवान, सुरेश सारडा, डॉ. ए.एम. शेख, भूरसिंह डावर, सरपंच प्रदीप रावत, धनसिंह चौहान, भगत भाई, प्रकाश बघेल, मुकेश अखाड़िया, वालगीर भाई सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता, पदाधिकारी एवं निष्ठावान कार्यकर्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे।