अलीराजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: रिहायशी इलाके में दबिश देकर जब्त किया अवैध पटाखों का जखीरा, आरोपी गिरफ्तार

शेयर करे

अलीराजपुर 17 मई, 2026 |

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍

​जिला पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल के दिशा-निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने अवैध पटाखा विक्रेताओं के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आबादी वाले क्षेत्र में बिना लाइसेंस के छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में पटाखों का जखीरा जब्त किया है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मकान में दी दबिश

​एसडीओपी अश्वनी कुमार के पर्यवेक्षण में कोतवाली थाना प्रभारी ने मुखबिर की सटीक सूचना पर तुरंत एक विशेष टीम गठित कर मौलाना आजाद मार्ग स्थित एक मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान मौके से नितेश पिता संजय गुप्ता को हिरासत में लिया गया। घर की सघन चेकिंग करने पर खाकी रंग के 15 कार्टून और एक सफेद थैली बरामद हुई, जिनमें विभिन्न प्रकार के पटाखे, फुलझड़ियां, एटम बम और रस्सी बम भरे हुए थे।

₹1.18 लाख के पटाखे जब्त, आरोपी के पास नहीं था लाइसेंस

​पुलिस द्वारा जब्त किए गए इन पटाखों की कुल अनुमानित बाजार कीमत 1,18,180 रुपये बताई जा रही है। आरोपी नितेश गुप्ता से जब पटाखों के भंडारण और क्रय-विक्रय से संबंधित वैध दस्तावेज या लाइसेंस मांगा गया, तो वह कोई भी प्रमाण पत्र पेश नहीं कर सका।

गंभीर धाराओं में मामला दर्ज

​घने रिहायशी इलाके में बिना अनुमति के इस तरह का विस्फोटक सामान रखना जानमाल के लिए बेहद खतरनाक है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 287, 125, 288 एवं विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 5/9बी के तहत अपराध क्रमांक 215/2026 दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।

कार्रवाई में इनकी रही मुख्य भूमिका

​इस सफल कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सोनू सिटोले, उपनिरीक्षक जयराम वसुनिया, सउनि जयेन्द्र नायक, सउनि रामकुमार यादव, प्रधान आरक्षक हनुमंत, प्रताप और आरक्षक संजय, सुमित व गंगाराम का सराहनीय योगदान रहा।