कसरावद: उर्स मुबारक पर गूंजे सूफियाना कलाम, कव्वाली मुकाबले में रातभर झूमे श्रोता; दिया कौमी एकता का संदेश

शेयर करे

कसरावद 21 मई, 2026 |

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (अनीस खान – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

​कसरावद नगर परिषद चौक में हजरत गंजशाह वली रहमतुल्लाह अलैह के उर्स मुबारक के पावन अवसर पर एक भव्य कव्वाली मुकाबले का शानदार आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में दूर-दूर से आए कव्वालों ने सूफियाना कलाम, देशभक्ति और कौमी एकता के पैगाम से पूरे माहौल को रूहानी और खुशनुमा बना दिया। कार्यक्रम में उमड़े हजारों श्रोताओं ने पूरी रात कव्वाली का भरपूर आनंद लिया।

सिराज चिश्ती और सिमरन सूफी के बीच हुआ शानदार मुकाबला

​कव्वाली मुकाबले में गुजरात से तशरीफ़ लाए मशहूर कव्वाल सिराज चिश्ती एवं राजस्थान की जानी-मानी कव्वाला सिमरन सूफी ने एक से बढ़कर एक शानदार प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अकीदतमंदों की खूब वाहवाही लूटी। दोनों फनकारों ने अपने अनोखे अंदाज में मोहब्बत, भाईचारे और इंसानियत का संदेश दिया। मंच से पेश किए गए सूफियाना कलाम और देशप्रेम पर आधारित शायरी ने लोगों का दिल जीत लिया, जिस पर श्रोता देर रात तक झूमते नजर आए।

कौमी एकता और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देना मुख्य उद्देश्य

​उर्स कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि इस पारंपरिक आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में आपसी भाईचारा, प्रेम और सांप्रदायिक सौहार्द को बढ़ावा देना है। इस भव्य आयोजन में कसरावद नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। पूरी रात चले इस कव्वाली मुकाबले के दौरान सुरक्षा और बैठक व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए थे।

कमेटी ने जताया पूरी अवाम का आभार

​सफल आयोजन के बाद उर्स कमेटी के सदर तस्लीम खान, नायब सदर नईम शेख (पत्रकार), सरपरस्त शेरखान अंसारी (शहर सदर कसरावद मुस्लिम समाज), लंगर कमेटी के सदर हाजी आदिल मुल्तानी, रफीक अंसारी, जफर शेख, नईम पेंटर, फिरोज खान सहित उर्स कमेटी के समस्त सदस्यों ने कार्यक्रम में पधारे सभी नागरिकों और अवाम का दिल से शुक्रिया अदा किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन मशहूर शायर कयामुद्दीन कयाम ने किया।