बड़वानी 14 मई, 2026 |
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
मध्य प्रदेश शासन के कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और बड़वानी जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल 14 मई से 16 मई तक जिले के प्रवास पर रहेंगे। अपने इस तीन दिवसीय दौरे के दौरान वे करोड़ों के विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे और मैदानी स्तर पर शासकीय योजनाओं की समीक्षा करेंगे।
विभागीय समीक्षा और कोर कमेटी की लेंगे बैठक
तय कार्यक्रम के अनुसार प्रभारी मंत्री 14 मई को शाम 7:00 बजे बड़वानी पहुंचेंगे। अगले दिन 15 मई को सुबह 10:00 बजे कलेक्टर सभागार में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभागीय समीक्षा बैठक कर विकास कार्यों की प्रगति जानेंगे। वहीं रात्रि 9:00 बजे वे जिला कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक में भी सम्मिलित होंगे।
लोकार्पण की मचेगी धूम: नवीन पंचायत भवन से संजीवनी क्लिनिक तक की सौगात
प्रभारी मंत्री 15 मई को दोपहर 3:00 बजे से सघन दौरा शुरू करेंगे। इस दौरान वे निवाली जनपद के ग्राम फुलज्वारी में नवीन पंचायत भवन, ग्राम झाकर में कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम और ग्राम कुसम्या में आजीविका भवन का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा नगर पंचायत निवाली बुजुर्ग में संजीवनी क्लिनिक और जनपद पंचायत परिसर का भी उद्घाटन किया जाएगा। वे ग्राम कानपुरी में ‘एक बगिया माँ के नाम’ अभियान के तहत हितग्राहियों से सीधा संवाद भी करेंगे।
वझर में होगी रात्रि चौपाल, ग्रामीणों के बीच गुजारेंगे वक्त
जनपद पंचायत निवाली परिसर के लोकार्पण के पश्चात डॉ. टेटवाल ग्राम वझर पहुंचेंगे, जहां वे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण करेंगे। खास बात यह है कि प्रभारी मंत्री वझर में ही रात्रि चौपाल का आयोजन कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे और उनका निराकरण करेंगे।
16 मई को प्रस्थान
प्रवास के अंतिम दिन यानी 16 मई को सुबह 7:00 बजे प्रभारी मंत्री बड़वानी से सारंगपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। उनके इस दौरे को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है।




