कसरावद: जनगणना कार्य में प्रदेश और संभाग में अव्वल रहा कसरावद, कर्मचारी संघ ने एसडीएम और तहसीलदार का किया भव्य सम्मान

शेयर करे

कसरावद 14 मई, 2026 |

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (अनीस खान – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

​जनगणना कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कसरावद तहसील ने संभाग में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रशासनिक दक्षता का लोहा मनवाया है। इस बड़ी उपलब्धि पर मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ द्वारा एसडीएम सत्येन्द्र बैरवा एवं तहसीलदार मचार का आत्मीय सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान संघ के पदाधिकारियों ने दोनों अधिकारियों का शाल, श्रीफल और पुष्पमालाओं से स्वागत कर उनके कुशल नेतृत्व की सराहना की।

बिना दबाव और सुनियोजित ढंग से हुआ कार्य

मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के तहसील अध्यक्ष संजय शर्मा ने बताया कि एसडीएम बैरवा और तहसीलदार मचार के मार्गदर्शन में जनगणना कार्य बिना किसी दबाव के और पूरी तरह सुनियोजित ढंग से समय पर संपन्न हुआ। अधिकारियों ने लगातार प्रगणकों और कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया, जिससे टीम का मनोबल बढ़ा और कसरावद को यह गौरव हासिल हुआ।

सकारात्मक कार्यशैली ने दिलाई उपलब्धि

सम्मान समारोह में वक्ताओं ने कहा कि अधिकारियों की सकारात्मक कार्यशैली और सहयोगात्मक रवैये के कारण ही तहसील ने संभाग में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कर्मचारी और अधिकारी उपस्थित थे, जिन्होंने अपनी खुशी साझा की।

टीमवर्क से ही संभव हुई सफलता: एसडीएम

सम्मान से अभिभूत एसडीएम सत्येन्द्र बैरवा ने इस सफलता का श्रेय पूरी टीम को दिया। उन्होंने कहा कि टीमवर्क और समर्पण से ही किसी भी कठिन लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने भविष्य में भी इसी उत्साह और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की।

समारोह में ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में अमृत लाल पटेल, प्रकाश गोखले, संजय कर्मा, राजेंद्र राठौड़, मोहन यादव, रामकन्या कुशवाह, यास्मीन शेख, रामनारायण यादव, देवेन्द्र नामदेव, हामिद खान, विजय वर्मा, संजय सोलंकी, शिवराम भालसे, उमा नरवरिया, सुमन कटारे और किरण जैन सहित अनेक कर्मचारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।