बड़वानी: डीडीआरसी में लगा ऑन-द-स्पॉट शिविर, 22 दिव्यांगजन हुए लाभान्वित, सहायक उपकरणों का हुआ वितरण

शेयर करे

बड़वानी 14 मई, 2026 |

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

​बड़वानी कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह के निर्देशानुसार सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र (DDRC) में एक विशेष निःशुल्क शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को आधुनिक सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना और संबल प्रदान करना था।

एडीआईपी योजना के तहत ऑन-द-स्पॉट वितरण

शिविर का आयोजन एस.आर. ट्रस्ट द्वारा एलिम्को के माध्यम से एडीआईपी योजना के अंतर्गत किया गया। इसमें दिव्यांगजनों के लिए कृत्रिम हाथ-पैर और कैलीपर्स के वितरण हेतु ऑन-द-स्पॉट सुविधा प्रदान की गई। शिविर में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए दिव्यांगजनों का स्वास्थ्य परीक्षण और पंजीयन किया गया।

14 कैलीपर्स वितरित, 7 को मिलेगी मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल

उप संचालक (सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण) श्री रौनक सोलंकी ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में कुल 29 दिव्यांगजनों ने विभिन्न सहायक उपकरणों के लिए पंजीयन कराया। इसमें से 14 दिव्यांगजनों को कैलीपर्स और 1 को कृत्रिम पैर का मौके पर ही वितरण किया गया। इसके अतिरिक्त, 7 दिव्यांगजनों का चयन मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल (MTC) के लिए किया गया है, जिन्हें जल्द ही यह आधुनिक वाहन उपलब्ध कराया जाएगा।

अधिकारियों और स्टाफ की रही मौजूदगी

शिविर के सफल संचालन में एलिम्को के पदाधिकारी, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी, जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के कर्मचारियों सहित सामाजिक न्याय विभाग और आशाग्राम ट्रस्ट के स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।