बड़वानी 17 मई, 2026 |
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
धार स्थित ऐतिहासिक भोजशाला मामले में हाईकोर्ट के फैसले के बाद बड़वानी शहर सहित पूरे जिले में भारी उत्साह देखा गया। हाईकोर्ट द्वारा भोजशाला को मंदिर माने जाने के निर्णय के बाद सकल हिंदू समाज के लोग सड़कों पर उतर आए और जमकर जश्न मनाया।
रणजीत चौक सहित कई स्थानों पर आतिशबाजी
फैसले की खुशी में समाजजनों ने शहर के भगवान परशुराम चौक (पाटी नाका), मोटी माता चौक और रणजीत चौक पर एकत्रित होकर जमकर आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाइयां बांटी। इस दौरान पूरा क्षेत्र “जय श्रीराम” और “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा। इस अवसर पर मां वाग्देवी और भारत माता की महाआरती भी की गई।
सत्य और संघर्ष की हुई जीत
स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने इस निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए इसे “सत्य और संघर्ष की जीत” करार दिया। उन्होंने कहा कि वर्षों के लंबे आंदोलन और जनजागरण के बाद आया यह फैसला पूरे हिंदू समाज के लिए गर्व और गहरी आस्था का विषय है।







