आलीराजपुर 28 मई, 2026 |
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
स्थानीय मुस्लिम समाज द्वारा गुरुवार को त्याग और बलिदान का मुकद्दस पर्व ईद-उल-अजहा (बकरीद) पारंपरिक उत्साह, हर्षोल्लास और धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया। इस मुबारक मौके पर मुस्लिम समाजजनों ने कब्रिस्तान स्थित ईदगाह मैदान पर एकत्र होकर सामूहिक नमाज अदा की और बारगाहे-इलाही में देश-प्रदेश में अमन, शांति, खुशहाली, तरक्की और सामाजिक सौहार्द की विशेष दुआएं मांगी। नमाज मुकम्मल होने के बाद सभी ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद पेश की। इसके पश्चात मजहबी परंपराओं के अनुसार अल्लाह की राह में कुर्बानी की रस्म अदा की गई।
जुलूस के रूप में जामा मस्जिद से ईदगाह मैदान पहुंचे अकीदतमंद
सुबह करीब 7:30 बजे बड़ी संख्या में समाजजन स्थानीय जामा मस्जिद चौक पर एकत्रित हुए। यहां से शहर काजी हाजी सैय्यद अफजल मियां, सैय्यद फरीद मियां, प्रभारी शहर काजी हाजी सैय्यद हनीफ मियां एवं ओलमा-ए-किराम के नेतृत्व में ईद का एक पारंपरिक जुलूस निकाला गया, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ ईदगाह मैदान पहुंचा।
ईदगाह मैदान पर पेश इमाम मुफ्ती बदरुल इस्लाम साहब ने ईद की सामूहिक नमाज अदा करवाई। नमाज के बाद उन्होंने बकरीद का विशेष खुतबा पढ़कर सुनाया और इस पर्व के ऐतिहासिक व आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। मुख्य नमाज के अलावा नगर के बहारपुरा क्षेत्र स्थित तीन मस्जिदों में भी अलग-अलग निर्धारित समय पर ईद की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से अदा की गई।
दिनभर चला ईद मिलन और तबर्रुक वितरण का दौर
नमाज संपन्न होने के बाद आलीराजपुर में दिनभर ईद मिलन का सिलसिला चलता रहा। समाजजनों ने अपने घरों पर कुर्बानी की रस्म पूरी कर दरूद-फातिहा कराई और रिश्तेदारों, मित्रों सहित जरूरतमंदों के बीच तबर्रुक (प्रसाद) का वितरण किया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कुर्बानी का यह पर्व आगामी शनिवार तक जारी रहेगा।
पटेल बंधुओं और वरिष्ठ नेताओं ने काजी हाउस पहुंचकर दी मुबारकबाद
त्योहार के पावन अवसर पर आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल एवं पूर्व विधायक मुकेश पटेल वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं के साथ शहर काजी अफ़ज़ल मियाँ के निवास (काजी हाउस) पहुंचे। यहाँ उन्होंने सैय्यद परिवार का पुष्पहारों से आत्मीय स्वागत कर ईद की दिली मुबारकबाद दी। इस दौरान उनके साथ वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ओमप्रकाश राठौर, राजेंद्र टवली, सुरेश सारडा और खुर्शीद अली दीवान भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
प्रशासन के रहे पुख्ता इंतजाम, समाज ने जताया आभार
ईद-उल-अजहा पर्व को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं यातायात के व्यापक प्रबंध किए गए थे। ईदगाह मैदान पर तैनात प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने नमाज के बाद मुस्लिम समाज के वरिष्ठजनों को पुष्पगुच्छ भेंट कर पर्व की बधाई दी। संपूर्ण त्योहार बेहद शांतिपूर्ण, गरिमामय और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होने पर मुस्लिम समाज ने प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए दिल से आभार व्यक्त किया।






