बड़वानी, 04 जनवरी 2026।
बड़वानी जिले के बोरलाई में स्थित दावल शाह वली बाबा की मजार पर असामाजिक तत्वों द्वारा की गई तोड़फोड़ की घटना को लेकर मुस्लिम समाज में गहरा आक्रोश है। इस घटना के विरोध में रविवार को जिला मुस्लिम कमेटी और बोरलाई जमात के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्री जगदीश डावर से उनके निवास पर मुलाकात कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग का आवेदन सौंपा।
मजार और धार्मिक प्रतीकों को पहुंचाया नुकसान
दरगाह के मुजावर ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा मजार शरीफ को क्षति पहुंचाई गई है। इसके साथ ही वहां लगे अलम को तोड़कर पास में बने हुए तकिए (बैठने का स्थान) को भी नुकसान पहुंचाया गया है। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद से ही क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ था, जिसे लेकर समाज के वरिष्ठ जनों ने पुलिस प्रशासन से हस्तक्षेप की अपील की।
एसपी ने अधिकारियों को दिए जांच के निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी श्री जगदीश डावर ने तत्काल एसडीओपी बड़वानी श्री दिनेश सिंह चौहान और अंजड़ टीआई आर.आर. चौहान को घटना की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
राजपुर की पत्थरबाजी घटना पर भी हुई चर्चा
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राजपुर में पतंगबाजी को लेकर हुए विवाद और उसके बाद हुई पत्थरबाजी की घटना के संबंध में भी एसपी महोदय से चर्चा की। दोनों ही संवेदनशील मामलों में एसपी ने उचित कार्यवाही कर दोषियों को शीघ्र ही चिन्हित कर दंडित करने का आश्वासन दिया है।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे मौजूद
एसपी बंगले पर पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में बोरलाई जमात के सदर फखरुद्दीन, दरगाह के मुजावर, जिला मुस्लिम कमेटी के सदर इदरीश खान, सेक्रेटरी आरिफ शेख, अब्दुल रहीम तिगाले, शोएब शेख सहित बोरलाई के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।







