बड़वानी/इंदौर, 09 जनवरी 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)
इंदौर के रालामंडल क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा पेश आया है। इस भीषण दुर्घटना में मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री और राजपुर विधायक बाला बच्चन की सुपुत्री प्रेरणा बच्चन सहित तीन युवाओं की असामयिक मृत्यु हो गई। इस दुखद खबर के मिलते ही पूरे बड़वानी जिले सहित राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
तड़के 5 बजे रफ्तार का कहर
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह दर्दनाक हादसा इंदौर के रालामंडल इलाके में सुबह करीब 5 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि नेक्सन कार में सवार पाँच युवा कहीं घूमने के लिए निकले थे। तेजाजी नगर के पास कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह आगे चल रहे एक ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई।
मौके पर ही तीन युवाओं ने तोड़ा दम
इस हादसे में दो युवक और पूर्व मंत्री बाला बच्चन की पुत्री प्रेरणा की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार अन्य दो युवा गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मंत्री बाला बच्चन तुरंत इंदौर के लिए रवाना हो गए हैं। उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक और जनप्रतिनिधि भी इंदौर पहुँचे हैं।
ट्रक चालक फरार एवं पुलिस जांच जारी
रालामंडल थाना प्रभारी देवेंद्र मरकाम के अनुसार हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के रास्तों पर नाकेबंदी कर दी गई है। इस हृदयविदारक घटना ने बड़वानी जिले के जन-जन को झकझोर कर रख दिया है।





