बड़वानी बावनगजा का वार्षिक मेला आज से शुरू मुनि संघ का होगा मंगल प्रवेश और सजेगा विराट कवि सम्मेलन

शेयर करे

बड़वानी, 15 जनवरी 2026।

(निमाड़ दस्तक न्यूज़ : ब्यूरो रिपोर्ट)

प्रसिद्ध दिगंबर जैन सिद्ध क्षेत्र बावनगजा में वार्षिक मेले का भव्य शुभारंभ आज प्रातः धार्मिक अनुष्ठानों और मंत्रोच्चार के साथ होने जा रहा है। इस विशेष धार्मिक आयोजन को लेकर ट्रस्ट कमेटी और मेला संयोजक द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए परम पूज्य चर्या शिरोमणि पट्टाचार्य विशुद्ध सागर जी महाराज के शिष्य, ‘प्रसन्न मना’ मुनि श्री प्रणुत सागर जी महाराज का ससंघ मंगल प्रवेश आज प्रातः तीर्थ क्षेत्र पर होगा।

​धार्मिक अनुष्ठानों की मचेगी धूम

​प्रातः काल भगवान के अभिषेक, शांतिधारा और नित्य नियम पूजन के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। मुनि संघ की आहार चर्या के उपरांत दोपहर में भक्तामर विधान का आयोजन किया जाएगा। शाम को प्रतिक्रमण और महाआरती के साथ ही भक्तिमय वातावरण निर्मित होगा। 17 जनवरी को विश्व की सबसे विशाल भगवान आदिनाथ की 84 फीट उत्तुंग प्रतिमा का 1008 कलशों से मुनि संघ के सानिध्य में महामस्तकाभिषेक संपन्न होगा।

​विराट कवि सम्मेलन आज

​धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ सांस्कृतिक छटा भी बिखरेगी। आज शाम एक विराट कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया है, जिसके सूत्रधार खरगोन के प्रसिद्ध डॉ. शंभु सिंह मनहर होंगे। इस सम्मेलन में देश के कई ओजस्वी कवि अपनी रचनाओं का पाठ करेंगे।

​10 पिच्छीधारी संतों का मिलेगा सानिध्य

मेले के दौरान क्षेत्र पर कुल 10 पिच्छीधारी संत विराजमान रहेंगे। इसमें आचार्य श्री विप्रणत सागर जी, आचार्य श्री पुष्पदंत सागर जी, आचार्य ससंघ श्री प्रसन्न ऋषि जी, मुनि श्री प्रणुत सागर जी ससंघ और मुनि श्री जय कीर्ति जी ससंघ का विशेष सानिध्य प्राप्त होगा। ट्रस्ट अध्यक्ष विनोद दोशी और मनीष जैन ने समस्त धर्मप्रेमी जनता से इस अवसर पर उपस्थित होकर धर्म लाभ लेने का आग्रह किया है।