बावनगजा सिद्ध क्षेत्र में सांस्कृतिक संध्या की धूम, निमाड़ महिला मंडल की रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा मन

शेयर करे

बड़वानी, 18 जनवरी 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)

​विश्व प्रसिद्ध दिगंबर जैन सिद्ध क्षेत्र बावनगजा जी में भगवान आदिनाथ जी के महामस्तकाभिषेक की पूर्व संध्या पर ‘निमाड़ महिला मंडल’ द्वारा एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिला मंडल की विभिन्न इकाइयों द्वारा दी गई रंगारंग प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

दीप प्रज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ बावनगजा जी ट्रस्ट कमेटी के अध्यक्ष श्री विनोद जी दोषी, मेला संयोजक विपीन जी गोधा (अंजड़), संजय जी जैन (धामनोद), राजेश जी बड़जात्या (कुक्षी) एवं ट्रस्ट कमेटी के अन्य सदस्यों ने भगवान आदिनाथ जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।

भक्ति और कला का अनूठा संगम

सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत कुक्षी महिला मंडल के मंगलाचरण से हुई। इसके पश्चात प्रियल दोषी (सेंधवा) ने अपनी सुमधुर आवाज में भजनों की प्रस्तुति दी। बावनगजा जी छात्रावास में अध्ययनरत बच्चों ने भी मंच पर शानदार कला का प्रदर्शन किया। अंजड़ महिला मंडल द्वारा सामूहिक नृत्य और धरमपुरी महिला मंडल द्वारा भगवान आदिनाथ के जीवन पर आधारित नृत्य नाटिका प्रस्तुत की गई। सकून जी (धरमपुरी) द्वारा प्रस्तुत हास्य नाटक ने दर्शकों को रोमांचित किया।

इनका रहा विशेष योगदान

आयोजन की सफलता में निमाड़ महिला मंडल की महा मंत्री श्रीमती नीना गोधा एवं समस्त कार्यकारिणी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का सफल संचालन मंडल उपाध्यक्ष बरखा बड़जात्या ने किया, वहीं मंच संयोजन में श्रीमती रचना रावका का विशेष सहयोग रहा। अंत में कोषाध्यक्ष श्रीमती कल्पना जैन ने ट्रस्ट कमेटी एवं मेला संयोजक कमेटी का आभार व्यक्त किया।