बड़वानी में डॉक्टर्स प्रीमियर लीग सीजन-2 का भव्य शुभारंभ, डॉक्टरों ने दिखाया खेल और स्वास्थ्य का संगम

शेयर करे

बड़वानी, 23 जनवरी 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)

​इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) बड़वानी के तत्वावधान में आयोजित रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट “डॉक्टर्स प्रीमियर लीग सीजन-2” का गुरुवार शाम कासा ग्राउंड पर भव्य आगाज हुआ। 22 से 25 जनवरी तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में डॉक्टर सफेद कोट छोड़कर क्रिकेट की जर्सी में चौके-छक्के लगाते नजर आएंगे।

एसपी जगदीश डावर ने बल्ला थामकर किया उद्घाटन

टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक जगदीश डावर उपस्थित रहे। उन्होंने स्वयं पिच पर उतरकर और बल्ला थामकर पहला शॉट खेलते हुए प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान आईएमए बड़वानी के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एम.एस. सोलंकी, डॉ. चंद्रकांता गुप्ता, डॉ. महेश अग्रवाल और डॉ. अमित नाइक सहित कई गणमान्य चिकित्सक मौजूद रहे।

पांच जिलों की 8 टीमें दिखा रही हैं दम

आयोजन समिति के मुख्य संचालक डॉ. दीपक मुवेल और डॉ. गजेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि इस सीजन में बड़वानी के अलावा धार, झाबुआ, अलीराजपुर और खरगोन जिलों की कुल आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं। रविवार को इस टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला यानी फाइनल मैच खेला जाएगा।

फिटनेस और सौहार्द का संदेश

डॉ. मदन सिंह सोलंकी ने आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉक्टर दिन-रात मरीजों की सेवा में व्यस्त रहते हैं। ऐसे में यह टूर्नामेंट उन्हें खेल, फिटनेस और आपस में मेल-मिलाप का एक बेहतरीन मंच प्रदान करता है। दूधिया रोशनी में हो रहे इन मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेलप्रेमी और शहरवासी कासा ग्राउंड पहुँच रहे हैं।

​टूर्नामेंट को सफल बनाने में डॉ. लालसिंह ठाकुर, डॉ. अजीत सिंह सोलंकी एवं समस्त आयोजन समिति सक्रिय भूमिका निभा रही है।