राजपुर पुलिस की बड़ी सफलता: महिला फाइनेंस कर्मी से लूट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, मुर्गी व्यवसायी से हुई 1 लाख की लूट का भी खुलासा

शेयर करे

बड़वानी, 25 जनवरी 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)

​बड़वानी जिले की राजपुर पुलिस ने महिला से लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपियों ने न केवल महिला से लूट, बल्कि नागलवाड़ी क्षेत्र में एक मुर्गी व्यवसायी से हुई सवा लाख रुपये की लूट की घटना को भी स्वीकार किया है।

सुनसान इलाके में महिला से झपटा था बैग

घटना 20 जनवरी की है, जब माइक्रो फाइनेंस कंपनी में कार्यरत दुर्गा आस्के कलेक्शन कर स्कूटी से जुलवानिया की ओर जा रही थीं। ग्राम इंद्रपुर मोहनपुरा के पास दो बाइक सवार बदमाशों ने उनका बैग छीन लिया था, जिसमें 40 हजार रुपये से अधिक की नगदी, टैबलेट और जरूरी दस्तावेज थे। पुलिस ने इस मामले में तत्काल टीमें गठित कर तलाश शुरू की थी।

घेराबंदी कर दो आरोपियों को दबोचा

राजपुर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी विनोद पिता सरदार बड़ोले (निवासी इंद्रपुर) और असलम पिता फैजु सैय्यद (निवासी बड़वानी) को ग्राम बंधान से गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 11 हजार रुपये नगद और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त की गई है। गिरोह के दो अन्य सदस्य अनिल और गारदा फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

नागलवाड़ी की 1 लाख की लूट का भी हुआ खुलासा

पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उन्होंने उसी दिन (20 जनवरी) गवला घाटी मार्ग पर सेंधवा निवासी मुर्गी व्यवसायी रईस अब्बास खान से भी धमकाकर 1 लाख 12 हजार रुपये से भरा बैग छीना था। इन दोनों घटनाओं का मास्टरमाइंड विनोद बड़ोले है, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर सुनसान रास्तों पर लूट की योजना बनाई थी।

पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों को रिमांड पर लिया है। इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र के व्यापारियों और फाइनेंस कर्मियों ने राहत की सांस ली है।