वरिष्ठ नेता स्व. हरसोला और स्व. पंचोली की स्मृति में विशाल स्वास्थ्य शिविर 1 फरवरी को, गुजरात के विशेषज्ञ डॉक्टर देंगे सेवाएं

शेयर करे

आलीराजपुर, 31 जनवरी 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी : ब्यूरो रिपोर्ट)

​आलीराजपुर के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय दिनेश हरसोला एवं ब्राह्मण समाज के वरिष्ठ स्वर्गीय अश्विनीकुमार पंचोली की स्मृति में मानवता की सेवा के लिए एक बड़े कदम के रूप में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। पर्यावरण सहयोग संस्था और श्री कृष्ण हॉस्पिटल करमसद (गुजरात) के संयुक्त तत्वाधान में यह शिविर रविवार, 1 फरवरी को स्थानीय सहयोग गार्डन में आयोजित होगा।

एक ही छत के नीचे मिलेंगे कई विशेषज्ञ

सहयोग संस्था के मीडिया प्रभारी कृष्णकांत बेड़िया ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर का समय प्रातः 9 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा। इस दौरान करमसद (आणंद) गुजरात के अत्याधुनिक श्री कृष्ण हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे। शिविर में निम्नलिखित रोगों का विशेषज्ञ परामर्श मिलेगा:

  • ​अस्थि रोग एवं सर्जरी
  • ​स्त्री एवं प्रसूति रोग
  • ​चर्म (स्किन) रोग
  • ​नाक, कान और गला रोग
  • ​नेत्र रोग एवं बाल रोग विशेषज्ञ

निशुल्क दवाइयां और जांच की सुविधा

शिविर की विशेषता यह है कि इसमें मरीजों को ईसीजी (ECG) और दवाइयां पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा खून की जांच और एक्सरे की सुविधा भी बेहद नाम मात्र की दरों पर दी जाएगी। आलीराजपुर में गुजरात के इस सुप्रसिद्ध अस्पताल द्वारा यह दूसरी बार निशुल्क शिविर लगाया जा रहा है।

पंजीयन के लिए करें संपर्क

जरूरतमंद मरीज और नागरिक इस अवसर का लाभ उठाने के लिए अपना अग्रिम पंजीयन करा सकते हैं। इसके लिए सहयोग संस्था अध्यक्ष राजीव शाह सहित पदाधिकारी आशुतोष पंचोली, दीपक दीक्षित, राकेश चौहान, कैलाश कमेड़िया, डॉ. शकील शेख और अनवर भाई दबुक के मोबाइल नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। सहयोग संस्था ने जिले के सभी आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाएं।