बड़वानी में रुपयों की बारिश का लालच देकर 4 लाख की ठगी, धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार

शेयर करे

बड़वानी, 07 फरवरी 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)

​बड़वानी पुलिस ने तंत्र-मंत्र और काले जादू के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर जालसाज को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने न केवल फरियादी से भारी भरकम राशि ऐंठी, बल्कि बाद में उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।

हजरत के नाम पर जाल में फंसाया

​थाना प्रभारी निरीक्षक बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि आरोपी मोहम्मद आसिफ पिता मोहम्मद इकबाल शेख (निवासी चंचल चौराहा, बड़वानी) ने फरियादी को अपने झांसे में लिया था। आरोपी ने दिल्ली के किसी हजरत का नाम लेकर दावा किया कि वह काले जादू के जरिए फरियादी के घर में रुपयों की बारिश करा सकता है। इस अंधविश्वास के जाल में फंसकर फरियादी ने अक्टूबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच किस्तों में कुल 4 लाख रुपये (नकद और फोन-पे के माध्यम से) आरोपी को दे दिए।

नर्मदा में बहाई सामग्री और धर्म परिवर्तन का दबाव

​आरोपी के कहने पर फरियादी ने तांत्रिक सामग्री को नर्मदा नदी में प्रवाहित किया और कथित कागजों को जला दिया। जब रुपयों की बारिश नहीं हुई और फरियादी ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी असली रंग में आ गया। आरोपी आसिफ फरियादी पर इस्लाम धर्म कबूल करने का दबाव बनाने लगा। मना करने पर उसने फरियादी की मां को जान से मारने की धमकी दी और जातिसूचक गालियां देते हुए अपमानित किया।

पुलिस की सख्त कार्रवाई, आरोपी गिरफ्त में

​फरियादी की शिकायत पर बड़वानी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी मोहम्मद आसिफ के खिलाफ धोखाधड़ी, जान से मारने की धमकी, गाली-गलौज सहित SC/ST एक्ट और धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर उसके पास से ठगी में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी को रिमांड (PR) पर लेकर विस्तृत पूछताछ कर रही है।