आलीराजपुर कोतवाली पुलिस की बड़ी कामयाबी, घर का ताला तोड़कर लाखों के जेवर उड़ाने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, 5 लाख से अधिक का मशरूका बरामद

शेयर करे

आलीराजपुर, 06 मार्च 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी: ब्यूरो रिपोर्ट)

​आलीराजपुर शहर में हुई नकबजनी की एक बड़ी वारदात को सुलझाने में कोतवाली पुलिस ने सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी के आरोप में तीन शातिर युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 5 लाख 10 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और मोबाइल बरामद किए हैं।

सूने मकान को बनाया था निशाना

​पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि फरियादी रविन्द्र सिंह भाटी निवासी डॉन बास्को रोड, आलीराजपुर अपनी पत्नी के साथ 7 फरवरी को बेटे से मिलने इंदौर गए थे। जब वे वापस लौटे, तो घर के दरवाजे की चटकनी टूटी हुई मिली। घर के अंदर अलमारी का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाश सोने का हार सेट, कान की लटकन, लॉकेट और चांदी के कड़े सहित अन्य जेवरात चोरी कर ले गए थे।

सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से मिला सुराग

​घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल एवं एसडीओपी अश्विनी कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सोनू सितोले के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने शहर के सीसीटीवी कैमरों का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया और मुखबिरों को सक्रिय किया। संदेह के आधार पर पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

पकड़े गए आरोपी और बरामद माल

​पुलिस ने निम्नलिखित आरोपियों को गिरफ्तार किया है:

  1. दीपक उर्फ अन्ना हजारिया (18 वर्ष) निवासी आषाढ़पुरा
  2. संजय उर्फ बाबा बामनिया (19 वर्ष) निवासी ताड़गली
  3. मजानसिंह उर्फ मदन सोलंकी (26 वर्ष) निवासी आषाढ़पुरा

​आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने करीब ढाई तोला सोने का हार, कान की लटकन, सोने का लॉकेट, चांदी की पायल, कड़े, बिछिया और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

​इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी सोनू सितोले, उनि मुकेश कनासिया, सउनि अरुण राठौर, रामकुमार यादव, लक्ष्मण देवड़ा सहित साइबर सेल के आरक्षक दिलीप, प्रमोद, नागरसिंह और संदीप की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम को इस सफलता पर बधाई दी है।