क्रिकेट का सरताज बना भारत: बड़वानी सहित पूरे देश में मना जीत का जश्न, होली के बाद आसमान में गूंजी दिवाली की आतिशबाजी

शेयर करे

बड़वानी, 08 मार्च 2026

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)

​भारतीय क्रिकेट टीम ने एक बार फिर इतिहास रचते हुए फटाफट क्रिकेट के ‘सिरमौर’ का खिताब अपने नाम कर लिया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारतीय जांबाजों ने न्यूजीलैंड को धूल चटाकर लगातार दूसरी बार टी-ट्वेन्टी वर्ल्ड कप जीतकर विश्व विजेता बनने का गौरव हासिल किया। भारत का यह कुल तीसरा टी-ट्वेन्टी विश्व खिताब है।

बड़वानी में जीत के बाद शुरू हुआ जश्न का दौर

टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक विश्व विजय की खबर मिलते ही बड़वानी शहर जश्न के सागर में डूब गया। शहर के प्रमुख चौराहों पर युवाओं की टोलियां तिरंगा लेकर निकल पड़ीं और जीत के उत्साह में सराबोर नजर आईं। आज रंगपंचमी का उत्साह तो था ही, लेकिन भारत की विश्व कप जीत ने होली के बाद दिवाली जैसा माहौल बना दिया। आसमान आतिशबाजी की ‘धूम-धड़ाम’ से सराबोर रहा और ढोल-ताशों की थाप पर क्रिकेट प्रेमी जमकर थिरके।

सूर्या की कप्तानी में तीसरी बार चमकी ट्रॉफी

​महेन्द्र सिंह धोनी (2007) और रोहित शर्मा (2024) के बाद अब सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने 2026 का यह विश्व कप जीतकर अपनी बादशाहत साबित की है। फाइनल के हीरो संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन रहे, जिन्होंने बल्ले से कीवी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं।

मैच का लेखा-जोखा: टीम इंडिया का विशाल स्कोर

​न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, जो उनके लिए आत्मघाती साबित हुई। भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 255 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया।

  • संजू सैमसन: 89 रनों की कमान संभाली।
  • अभिषेक शर्मा: मात्र 18 गेंदों में ताबड़तोड़ अर्धशतक (54 रन)।
  • ईशान किशन: शानदार 52 रन।
  • शिवम दुबे: आखिरी ओवरों में 26 रनों की आतिशी पारी।

गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड को घुटने टेकने पर मजबूर किया

256 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। अक्षर पटेल ने पावरप्ले में ही दो झटके देकर कीवी टीम की कमर तोड़ दी। जसप्रीत बुमराह ने खतरनाक रचिन रविंद्र को चलता किया। भारत के शानदार पावरप्ले (92/0) के मुकाबले न्यूजीलैंड महज 52 रन पर 3 विकेट खो चुका था। अंततः पूरी कीवी टीम 159 रनों पर सिमट गई और भारत ने शान से विश्व कप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।