आलीराजपुर, 12 मार्च 2026
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)
विधानसभा सत्र के दौरान जोबट क्षेत्र की जर्जर सड़कों का मुद्दा गरमाया रहा। जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने सदन में लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री के समक्ष क्षेत्र की प्रमुख सड़कों के निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़कों की खराब हालत के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
भूमिपूजन के बाद भी अधूरा काम: आम्बुआ–सेजावाड़ा रोड पर सवाल
विधायक सेना पटेल ने सदन में आम्बुआ–सेजावाड़ा रोड का मुद्दा उठाते हुए सरकार को घेरा। उन्होंने बताया कि इस महत्वपूर्ण सड़क का ऑनलाइन भूमिपूजन स्वयं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा किया गया था। सड़क पहले से स्वीकृत है, लेकिन दुर्भाग्यवश अभी तक धरातल पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इस मार्ग पर आए दिन हो रही सड़क दुर्घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने जल्द से जल्द कार्य प्रारंभ कराने की मांग की।
ग्रामीण विकास के लिए सड़कों का जाल जरूरी
विधायक पटेल ने कहा कि जोबट विधानसभा के कई महत्वपूर्ण मार्ग ऐसे हैं जिनका निर्माण होना अनिवार्य है। सुगम आवागमन न होने से विकास की गति रुकी हुई है। उन्होंने जहां नई सड़कों की मांग रखी, वहीं पूर्व में स्वीकृत सड़कों के लिए सरकार का आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि बेहतर सड़कों से न केवल आवागमन सुधरेगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।
दुर्घटनाओं का केंद्र बन रहे कच्चे मार्ग
चर्चा के दौरान यह बात भी सामने आई कि सड़कों के अभाव में जिलेवासियों को लंबा और जोखिम भरा सफर तय करना पड़ता है। विधायक ने सरकार से आग्रह किया कि जनता की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए इन परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।




