आलीराजपुर, 13 मार्च 2026
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी : ब्यूरो रिपोर्ट)
जिला अस्पताल आलीराजपुर में भर्ती सिकल सेल बीमारी से जूझ रहे तीन मरीजों के लिए क्रांतिकारी शहीद छीतुसिंह किराड़ आकस्मिक रक्तदान समिति के सदस्य एक बार फिर मददगार साबित हुए। मरीजों की गंभीर स्थिति को देखते हुए समिति के तीन युवाओं ने तत्काल अस्पताल पहुँचकर रक्तदान किया और मानवता का परिचय दिया।
सूचना मिलते ही सक्रिय हुई समिति
जिला अस्पताल में भर्ती मरीज संजय तोमर (ग्राम मोरसा), ढूंढी सिंगला मौर्य और अमिता तोमर (ग्राम डेटकुंडा) को उपचार के दौरान तत्काल रक्त की आवश्यकता थी। परिजनों ने इसकी सूचना समिति के संस्थापक भंगुसिंह तोमर और जयस जिला अध्यक्ष व समिति के सक्रिय सदस्य अरविंद कनेश को दी। सूचना मिलते ही समिति के युवाओं ने आपसी समन्वय कर अस्पताल पहुँचकर रक्तदान की व्यवस्था की।
इन युवाओं ने किया महादान
मरीजों की जान बचाने के लिए आगे आए युवाओं में शामिल हैं:
- प्रेमसिंह चौहान (सब इंजीनियर): इन्होंने 11वीं बार रक्तदान कर युवाओं के लिए प्रेरणा पेश की।
- कैलाश भंवर (ग्राम वलवाई): इन्होंने 5वीं बार अपना ब्लड डोनेट किया।
- अविनाश रावत (ग्राम खेरवाड): इन्होंने भी संकट की घड़ी में रक्तदान कर सहयोग प्रदान किया।
समिति का सेवा संकल्प
रक्तदान के दौरान समिति के सदस्य पवन मोरी (ग्राम चांदपुर) सहित अन्य साथी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि क्रांतिकारी शहीद छितुसिंह किराड़ आकस्मिक रक्तदान समिति जिले में रक्त की कमी से जूझ रहे मरीजों, विशेषकर सिकल सेल और एनीमिया पीड़ितों के लिए लगातार सक्रिय रहती है। समिति के इस निस्वार्थ सेवा कार्य की जिले भर में सराहना की जा रही है।




