आलीराजपुर, 13 मार्च 2026
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी: ब्यूरो रिपोर्ट)
आलीराजपुर पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंशसिंह के मार्गदर्शन में जिले में अवैध शराब के अंतर्राज्यीय परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना आजाद नगर और थाना चांदपुर पुलिस ने दो अलग-अलग कार्यवाहियों में करीब 15.36 लाख रुपये का मशरुका जब्त कर तीन आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचाया है।
कार्रवाई 1: बरझर पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ी इको कार
थाना आजादनगर के अंतर्गत बरझर चौकी प्रभारी उनि शिवा तोमर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुजरात पासिंग की एक इको कार में अवैध शराब ले जाई जा रही है। पुलिस टीम ने बड़गांव महेन्द्रा रोड तिराहा पर नाकाबंदी कर सिल्वर रंग की इको कार (GJ06KH3943) को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर पिछली सीटों के स्थान पर 25 पेटियाँ माउण्ट 6000 बीयर बरामद हुई। पुलिस ने मौके से आरोपी नितिन मेडा (निवासी दाहोद, गुजरात) को गिरफ्तार किया। जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत 5.60 लाख रुपये आँकी गई है।
कार्रवाई 2: चांदपुर पुलिस ने पकड़ा 100 पेटी शराब से भरा वाहन
दूसरी बड़ी कार्रवाई थाना चांदपुर पुलिस द्वारा की गई। सउनि रमेश अलावा को सूचना मिली थी कि प्रतापपुरा रोड की ओर एक बोलेरो (GJ-34-H-9449) में शराब की तस्करी हो रही है। घेराबंदी के दौरान बोलेरो से 100 पेटियाँ बीयर (कुल 2400 केन) बरामद की गई। पुलिस ने वाहन में सवार आरोपी गुमान भीलाला और विकला भीलाला (दोनों निवासी कट्ठीवाड़ा) को गिरफ्तार किया। यहाँ कुल 9.76 लाख रुपये का मशरुका जब्त किया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
विगत 24 घंटों में पुलिस ने कुल 125 पेटी शराब और दो वाहन जब्त किए हैं। इस सफल कार्रवाई में आजादनगर थाना प्रभारी निरीक्षक शिवराम तरोले, उनि शिवा तोमर, चांदपुर थाना प्रभारी उनि दिलीप चंदेल और उनकी टीम की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब की तस्करी और असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध यह कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।





