बड़वानी में रसोई गैस और ईंधन का पर्याप्त स्टॉक; कलेक्टर ने कहा— पैनिक बुकिंग न करें उपभोक्ता, कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

शेयर करे

बड़वानी, 13 मार्च 2026

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)

बड़वानी जिले में घरेलू रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने स्थिति स्पष्ट की है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागृह में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है, इसलिए आम उपभोक्ताओं को घबराने या पैनिक बुकिंग करने की आवश्यकता नहीं है।

बुकिंग के नियमों में हुआ बदलाव

​जिला आपूर्ति अधिकारी श्री भरत सिंह जमरे ने बैठक में जानकारी दी कि ऑयल कंपनियों ने सिलेंडर की अगली बुकिंग के समय अंतराल में बदलाव किया है:

  • शहरी क्षेत्र: अब अगली बुकिंग 21 दिन के बजाय 25 दिन बाद की जा सकेगी।
  • ग्रामीण क्षेत्र: ग्रामीण इलाकों में यह समय सीमा 45 दिन निर्धारित की गई है। साथ ही, गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे ‘पहले आओ-पहले पाओ’ (वरीयता क्रम) के आधार पर ही रिफिल का वितरण सुनिश्चित करें।

होटल-रेस्टोरेंट संचालकों के लिए वैकल्पिक सलाह

​बैठक में बताया गया कि वर्तमान में कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति अस्थायी रूप से प्रभावित है। इसके मद्देनजर कलेक्टर ने होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों को सलाह दी है कि वे अस्थायी रूप से डीजल भट्टी, इंडक्शन या इलेक्ट्रिक कॉइल जैसे वैकल्पिक साधनों का उपयोग करें।

कालाबाजारी पर रहेगी पैनी नजर

​कलेक्टर ने सख्त लहजे में हिदायत दी है कि घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग व्यावसायिक कार्यों में न हो। यदि किसी गैस एजेंसी द्वारा होटलों या अन्य व्यवसायों को घरेलू सिलेंडर की आपूर्ति करने की शिकायत मिली, तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को वितरण व्यवस्था पर निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

सर्वर क्षमता में सुधार और पीएनजी पर जोर

​ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कंपनियां सर्वर क्षमता में सुधार कर रही हैं ताकि ओटीपी जनरेशन और वितरण में असुविधा न हो। प्रशासन ने नागरिकों से घरेलू गैस के विवेकपूर्ण उपयोग और अधिक से अधिक पीएनजी (PNG) कनेक्शन लेने की अपील की है।

​बैठक में जिले की गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि, पेट्रोल पंप संचालक और कैटरिंग एसोसिएशन के सदस्य उपस्थित रहे।