बड़वानी, 13 अप्रैल 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
बड़वानी जिले में सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में यातायात पुलिस सक्रिय भूमिका निभा रही है। इसी कड़ी में सोमवार को थाना यातायात बड़वानी द्वारा स्टेट हाईवे क्रमांक 69 पर स्थित ग्राम करी के मॉडल कॉलेज के सामने एमपीआरडीसी (MPRDC) के सहयोग से रंबल स्ट्रिप (स्पीड ब्रेकर) का निर्माण कराया गया।
दुर्घटनाओं का बना रहता था खतरा
मॉडल कॉलेज के सामने स्थित यह क्षेत्र पूर्व से ही दुर्घटना संभावित जोन रहा है। हाल ही में यहाँ जिला पंचायत सीईओ के वाहन चालक का एक्सीडेंट हुआ था। कॉलेज के ठीक सामने होने के कारण यहाँ छात्र-छात्राओं का निरंतर आवागमन रहता है, जिससे तेज रफ्तार वाहनों के कारण बड़ी जनहानि की आशंका बनी रहती थी। कॉलेज प्रशासन ने भी छात्रों की सुरक्षा को लेकर स्पीड ब्रेकर की मांग की थी।
जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के सुझाव पर त्वरित कार्रवाई
सड़क सुरक्षा की बैठक में माननीय सांसद श्री गजेन्द्र पटेल द्वारा भी इस स्थान पर रंबल स्ट्रिप बनाने का महत्वपूर्ण सुझाव दिया गया था। जनहित और छात्र सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए थाना यातायात ने त्वरित कार्यवाही की और एमपीआरडीसी के साथ मिलकर निर्माण कार्य संपन्न कराया।
दुर्घटनाओं में आएगी भारी कमी
रंबल स्ट्रिप के निर्माण से अब इस मुख्य मार्ग पर वाहनों की गति नियंत्रित होगी, जिससे क्षेत्र में होने वाली संभावित दुर्घटनाओं में कमी आएगी। जिला पुलिस बड़वानी का यह प्रयास न केवल विद्यार्थियों के लिए बल्कि आम राहगीरों के लिए भी सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनहानि को कम करने के लिए इस प्रकार के सुरक्षा उपाय जिले के अन्य क्षेत्रों में भी जारी रहेंगे।






