आलीराजपुर, 14 अप्रैल 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती के पावन अवसर पर ‘नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा’ के अंतर्गत आलीराजपुर में भव्य नारी शक्ति पदयात्रा का आयोजन किया गया। कलेक्टर के निर्देशन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस यात्रा के माध्यम से समाज में महिलाओं की भागीदारी और उनके अधिकारों के प्रति व्यापक जनजागरूकता का प्रभावी संदेश दिया गया।
दिखा नारी शक्ति का अद्भुत संगम
कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर कार्यालय परिसर से मुख्य अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। पदयात्रा के दौरान महिलाएं पूरे उत्साह के साथ शामिल हुईं और नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में जागरूकता संदेश दिए। सशक्तिकरण के नारों से पूरा वातावरण ऊर्जावान बना रहा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज को महिलाओं के सशक्तिकरण और उनकी प्रगति के प्रति जागरूक करना था।
प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस गरिमामयी अवसर पर सांसद अनीता नागरसिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष हजरीबाई खरत, कलेक्टर नीतू माथुर, जिला पंचायत सीईओ संघमित्रा गौतम और भाजपा जिलाध्यक्ष मकू परवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
साथ ही संयुक्त कलेक्टर मनोज गरवाल, एसडीएम सुश्री निधि मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर तपिष पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में महिलाओं ने पदयात्रा में सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाया।





