आलीराजपुर, 15 अप्रैल 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी, ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा बुधवार को घोषित हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणामों में आलीराजपुर जिले के डॉन बास्को स्कूल के छात्र दिव्य नरेश मंत्री ने इतिहास रच दिया है। वाणिज्य संकाय के छात्र दिव्य ने 12वीं कक्षा में 97% अंक प्राप्त कर प्रदेश की प्रावीण्य सूची (Merit List) में 7वां स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर कलेक्टर नीतू माथुर ने उन्हें कलेक्टर कार्यालय में आमंत्रित कर सम्मानित किया।
भविष्य में सफल उद्यमी बनने का है लक्ष्य
सम्मान समारोह के दौरान कलेक्टर श्रीमती माथुर ने दिव्य नरेश से उनकी सफलता के सूत्र और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। दिव्य ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों और परिवार के मार्गदर्शन को देते हुए बताया कि वे आगे बीबीए (BBA) कर आईआईएम (IIM) से मास्टर डिग्री हासिल करना चाहते हैं। उनका अंतिम लक्ष्य एक सफल उद्यमी बनकर देश की प्रगति में योगदान देना है।
कलेक्टर ने दी सकारात्मक रहने की सलाह
कलेक्टर श्रीमती माथुर ने छात्र को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने दिव्य को सलाह दी कि वे इसी लगन और मेहनत को भविष्य में भी बरकरार रखें। साथ ही उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ अपनी रुचियों के लिए समय निकालने और सोशल मीडिया का केवल सकारात्मक कार्यों के लिए उपयोग करने की प्रेरणा दी।
इस गरिमामयी अवसर पर दिव्य नरेश मंत्री की माता, उनके बड़े भाई, जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री निधि मिश्रा एवं डिप्टी कलेक्टर तपिष पांडे भी उपस्थित रहे और छात्र की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया।




