कसरावद, 15 अप्रैल 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (अनीस खान – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
खरगोन जिले की कसरावद पुलिस ने ग्राम बोरावां में हुई नकबजनी की घटना का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए महज 24 घंटे के भीतर चोरी गया ट्रैक्टर और कल्टीवेटर बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुँचाया है।
रात के अंधेरे में तोड़ा था ताला
पुलिस के अनुसार, फरियादी अशोक पिता रामदास सोलंकी निवासी बोरावां ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 और 14 अप्रैल की मध्य रात्रि में अज्ञात बदमाशों ने ग्राम बोरावां में हर्ष यादव के खले में बने टीनशेड का ताला तोड़कर ट्रैक्टर और कल्टीवेटर चोरी कर लिया था। पुलिस ने मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता
पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती शकुंतला रुहल के निर्देशन और एसडीओपी मंडलेश्वर श्वेता शुक्ला के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजेन्द्र बर्मन ने एक विशेष टीम गठित की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया। सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही भोलु पिता रमेश (27 वर्ष) निवासी जहांगीरपुरा (सीहोर) हाल निवासी बोरावां को हिरासत में लिया गया।
जंगल में छिपाया था ट्रैक्टर
मनोवैज्ञानिक तरीके से की गई पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर भनगांव रोड स्थित जंगल में नदी के पास छिपाया गया मैसी ट्रैक्टर और कल्टीवेटर बरामद किया गया। बरामद किए गए मशरूका की कुल कीमत 5,25,000 रुपए बताई जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
इस अंधे कत्ल और चोरी के खुलासे में निरीक्षक राजेन्द्र बर्मन, उनि महेश यादव, उनि रीना एक्का, प्रआर महेश मालवीय, संजय यादव, आरक्षक हरिओम कौशिक, महेन्द्र ठाकुर और रामू भदौरिया की विशेष भूमिका रही।




