आलीराजपुर, 16 अप्रैल 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी, ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
”सफलता सुविधाओं की मोहताज नहीं होती, बल्कि अटूट संकल्प और परिश्रम का परिणाम होती है।” इस कहावत को आलीराजपुर की होनहार बेटी कुमारी वेदिका मौरे ने सच कर दिखाया है। मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं की परीक्षा में वेदिका ने 96.2% अंक प्राप्त कर पूरे जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है।
पुलिस परिवार के लिए गौरव का क्षण
वेदिका के पिता घमरसिंह मौरे थाना बोरी में पदस्थ होकर पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पुलिस सेवा की व्यस्तता और चुनौतियों के बीच उनकी बेटी की इस उपलब्धि ने विभाग और परिवार दोनों का नाम रोशन किया है। 16 अप्रैल को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित एक गरिमामयी कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल द्वारा मेधावी छात्रा वेदिका का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया।
भविष्य में सिविल सेवा में जाने का है लक्ष्य
सम्मान समारोह के दौरान वेदिका ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को देते हुए अपनी भविष्य की योजनाओं को साझा किया। उन्होंने बताया कि वे आगे चलकर सिविल सेवा (UPSC) में जाना चाहती हैं और देश की सेवा करना उनका मुख्य लक्ष्य है।
एसपी ने विद्यार्थियों को दी प्रेरणा
पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह ने वेदिका को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि अनुशासन और ईमानदारी से की गई मेहनत ही सफलता की असली कुंजी है। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट और संकल्प मजबूत हो, तो कोई भी बाधा आपको आगे बढ़ने से नहीं रोक सकती। वेदिका की यह सफलता जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी एक प्रेरणा स्रोत बनकर उभरी है। इस अवसर पर पुलिस परिवार के सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




